आगरा के विशाल दलित सम्मेलन से सपा ने PDA की सियासत को दी धार, बोले- वोट बचेगा तो संविधान और सम्मान बचेगा, भाजपा पर दलित उत्पीड़न
आगरा : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। जिसके चलते समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगरा में आयोजित विशाल दलित सम्मेलन से भाजपा पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने दलित समाज से एकजुट होकर PDA के साथ खड़े होने की अपील करते हुए दावा किया कि इस बार दलित समाज भाजपा का सफाया करने जा रहा है।अखिलेश यादव ने कहा कि जब वोट और संविधान बचेगा, तभी सम्मान, हक और अधिकार सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर नारा दिया-“इस बार लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतने वाला है।” यह सम्मेलन सपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन की ओर से आयोजित किया गया था। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दलित समाज के लोग शामिल हुए।
आगरा से PDA आंदोलन को आगे बढ़ाने का ऐलान

सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आगरा से PDA आंदोलन की शुरुआत हो रही है। उन्होंने सम्मेलन में उमड़े जनसमूह को समाजवादी पार्टी के प्रति बढ़ते जनसमर्थन का संकेत बताया।उन्होंने कहा कि आगरा का यह सम्मेलन केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे देश के दलित समाज की आवाज बन रहा है। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग अंगद का पैर जमाने की बात कर रहे थे, सम्मेलन के बाद उनकी जमीन खिसक गई है। अखिलेश ने दावा किया कि दलित समाज 2027 में भाजपा को हराने के लिए एकजुट हो रहा है।
जो भाजपा के साथ हैं, वो दलित समाज के खिलाफ हैं
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा, “जो भाजपा के साथ हैं, वो दलित के खिलाफ हैं।” उन्होंने कहा कि PDA की ताकत बढ़ने से भाजपा घबराई हुई है और समाजवादी पार्टी के इस सामाजिक गठबंधन को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने PDA में D का अर्थ दमदार दलित बताते हुए कहा कि दलित समाज इस आंदोलन की मजबूत ताकत है। अखिलेश ने कहा कि पीड़ित, दुखी और अपमानित वर्ग के लोग ही PDA का हिस्सा हैं और समाजवादी पार्टी उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है।
वोटर लिस्ट और SIR को लेकर भाजपा पर लगाए आरोप

सपा प्रमुख ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR और वोटर लिस्ट को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हार की आशंका से भाजपा घबराई हुई है और वोटों की हेराफेरी की कोशिश कर रही है। अखिलेश ने मुख्यमंत्री के उस बयान का भी जिक्र किया। जिसमें 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के वोट कटने की बात कही गई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब चुनाव आयोग और अधिकारी भाजपा सरकार के अधीन हैं, तो फिर इतने वोट कटने की बात कैसे सामने आई? उन्होंने लोगों से अपनी वोटर लिस्ट की जांच करने और मताधिकार सुरक्षित रखने की अपील की। अखिलेश यादव ने कहा कि वोट का अधिकार केवल चुनाव में भागीदारी का माध्यम नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा से भी जुड़ा है। उन्होंने कहा, “जब वोट और संविधान बचेगा तो सम्मान बचेगा।” साथ ही चेतावनी दी कि यदि वोट का अधिकार सुरक्षित नहीं रहा तो लोगों के हक और अधिकार भी प्रभावित होंगे। उन्होंने ‘वोट बचाओ, संविधान बचाओ’ का नारा देते हुए इसे सम्मान और सामाजिक न्याय की लड़ाई बताया।
अंबेडकर की मूर्तियों और दलित उत्पीड़न का उठाया मुद्दा उठाया
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर दलित समाज के साथ भेदभाव और उत्पीड़न के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में दलितों पर अत्याचार के मामले गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्तियां तोड़े जाने का मुद्दा उठाते हुए दावा किया कि पिछले करीब दस वर्षों में प्रदेश में बड़ी संख्या में अंबेडकर की मूर्तियां क्षतिग्रस्त की गईं, लेकिन पर्याप्त कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि बाबा साहब की मूर्तियों पर हमला केवल प्रतिमा को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि उनके विचारों और संविधान पर हमला है। अखिलेश ने कहा कि संविधान से ही लोकतंत्र, सम्मान और अधिकार सुरक्षित हैं।
पेपर लीक और स्कूल बंद करने को लेकर सरकार को घेरा

शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने और परीक्षाएं रद्द होने से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 20 से अधिक परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं और इसके लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार नौकरी और आरक्षण देने से बचना चाहती है, इसलिए परीक्षाओं की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रदेश में करीब 26 हजार प्राइमरी स्कूल बंद किए जाने का भी आरोप लगाया।अखिलेश के मुताबिक, इन स्कूलों में गरीब और PDA समाज के बच्चे पढ़ते थे। उन्होंने कहा कि स्कूलों के बंद होने से शिक्षा के साथ-साथ सरकारी नौकरियों के अवसरों पर भी असर पड़ा है। युवाओं के आंदोलन और Gen Z तथा Gen Alpha का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नौजवान अब अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा, “इस बार लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतने वाला है।”
PDA की सरकार बनने पर हक और न्याय दिलाने का वादा
उन्होंने सम्मेलन में मौजूद लोगों को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कानून का राज स्थापित किया जाएगा और सामाजिक न्याय को प्राथमिकता मिलेगी। उन्होंने 69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों को उनका हक दिलाने, सरकारी विभागों में खाली पद भरने, दलितों और पिछड़ों को संविधान के अनुसार आरक्षण देने तथा मजदूरों को उनके अधिकार दिलाने का वादा किया। उन्होंने कहा कि मजदूरों से आठ घंटे से अधिक काम लेने पर ओवरटाइम का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समाज के विकास के लिए विशेष पैकेज देने, किसानों को फसलों का उचित मूल्य दिलाने और समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने की बात भी कही।
रामगोपाल यादव और रामजी लाल सुमन ने भी भाजपा पर साधा निशाना
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने कहा कि 2024 के चुनाव में INDIA गठबंधन की जीत और PDA की एकजुटता से भाजपा घबराई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कुछ दलों और व्यक्तियों के माध्यम से PDA समाज में बिखराव पैदा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने लोगों से ऐसे प्रयासों से सावधान रहने की अपील की। सम्मेलन के संयोजक और राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन ने कहा कि आगरा दलित चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर दलित समाज तथा संविधान के खिलाफ होने का आरोप लगाया। सुमन ने दावा किया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सामाजिक शक्तियों का ध्रुवीकरण समाजवादी पार्टी के पक्ष में हो रहा है और 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा की सरकार बनेगी।
कई सांसदों और विधायकों ने भी किया संबोधित

सम्मेलन में अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद, मोहनलालगंज से सांसद आरके चौधरी, रामपुर से सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी, विधायक मनोज पारस और विधायक डॉ. रागिनी सोनकर समेत कई नेताओं ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर फिरोजाबाद से पूर्व मेयर प्रत्याशी राजेन्द्र सिंह राठौर और बालयोगी ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
