बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई। नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर नेछुआडीह के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ताड़ के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवकों की उम्र 18 से 24 वर्ष के बीच बताई जा रही है। एक साथ चार युवकों की मौत से गांव में मातम पसरा है।
नगरा से घर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गौवापार गांव के रहने वाले अभिषेक पटेल, कुणाल पासवान, गोलू ठाकुर और धनंजय एक ही कार से किसी काम से नगरा आए थे। शनिवार रात करीब नौ बजे चारों कार से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान नेछुआडीह के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ताड़ के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले दो युवकों की मौत
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने कार में फंसे चारों युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने अभिषेक पटेल और कुणाल पासवान को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल धनंजय और गोलू ठाकुर को परिजन बेहतर इलाज के लिए मऊ के एक निजी अस्पताल ले गए। हालांकि, उपचार के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया।
चार घरों में पसरा मातम
चार युवकों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही गौवापार गांव में सन्नाटा छा गया। परिवारों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे ने चार परिवारों को गहरे सदमे में डालने के साथ पूरे इलाके को झकझोर दिया है। सीओ रसड़ा रजनीश कुमार के अनुसार, कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई थी। हादसे में कार सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे। इलाज के दौरान सभी की मौत हो गई।
