पीलीभीत। गजरौला थाना क्षेत्र के गांव दियूरी में खेत में बनी एक झोपड़ी में देर रात भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर एक गाय की जलकर मौत हो गई, जबकि दूसरी गाय गंभीर रूप से झुलस गई। झोपड़ी में बंधी दो अन्य गायों का भी पता नहीं चल सका है। इसके अलावा झोपड़ी में रखा घरेलू सामान भी जलकर खाक हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
रात करीब 12 बजे लगी आग, एक गाय की मौत
जानकारी के मुताबिक, घटना थाना गजरौला की रिछोला चौकी क्षेत्र के गांव दियूरी की है। शुक्रवार रात करीब 12 बजे खेत में बनी झोपड़ी में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि झोपड़ी में बंधी एक गाय की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि दूसरी गाय गंभीर रूप से झुलस गई। आग की चपेट में आने के बाद दो अन्य गाय वहां से चली गईं, जिनका अभी तक पता नहीं चल सका है।
पीड़ित ने जताया आग लगाए जाने का अंदेशा
पीड़ित महेश ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा झोपड़ी में आग लगाए जाने का अंदेशा जताया है। उन्होंने रिछोला चौकी प्रभारी को तहरीर देकर घटना की जांच कराने, मृत गाय का पोस्टमार्टम कराने और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
नुकसान का आकलन कर मुआवजे की मांग
पीड़ित ने आग से हुए नुकसान का आकलन कराकर मुआवजा दिलाने की भी गुहार लगाई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। झोपड़ी में आग लगाए जाने का आरोप लगाया गया है, जिसकी जांच की जा रही है।
रिपोर्ट- ऋतिक द्विवेदी
