रिश्तेदार के यहां कार्यक्रम में शामिल होने गया था मिथुन मौर्य, सुबह खेत में मिला शव,इंस्टाग्राम पर चिता की तस्वीर के साथ लिखी आखिरी पोस्ट ने बढ़ाई रहस्य की गुत्थी
बरेली : यूपी के बरेली शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब बादशाह नगर में एक खेत के अंदर 22 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। युवक के सिर में गोली लगी होने की बात सामने आई है। मृतक की पहचान बादशाह नगर निवासी मिथुन मौर्य के रूप में हुई है। वह एक क्लिनिक पर प्राइवेट नौकरी करता था। युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं को लेकर पुलिस जांच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक, मिथुन मौर्य शुक्रवार रात अपने किसी रिश्तेदार के यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इसके बाद शनिवार सुबह उसका शव गांव के पास खेत में पड़ा मिला। सुबह खेत की ओर पहुंचे स्थानीय लोगों ने युवक का शव देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फील्ड यूनिट को भी जांच के लिए बुलाया।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक के सिर में गोली लगने की बात सामने आई है। गोली बेहद नजदीक से मारे जाने की आशंका है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। वहीं, मृतक के परिजनों ने युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी चिराग जैन भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की जानकारी ली। इस पूरे मामले में एक और महत्वपूर्ण पहलू सामने आया है। जांच के दौरान पता चला कि मौत से पहले मिथुन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा की थी। इस पोस्ट में जलती हुई चिता की तस्वीर दिखाई दे रही थी।तस्वीर के साथ उसने लिखा था, ‘ये मैं आखिरी हूं, मेरे बाद मैं नहीं मिलेगा।’ युवक की इस पोस्ट के सामने आने के बाद उसकी मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, केवल इस पोस्ट के आधार पर मौत को आत्महत्या मानना अभी उचित नहीं होगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट, और पुलिस जांच से खुलेगा मौत का राज
एसपी सिटी चिराग जैन ने मोडिया को बताया कि युवक के सिर में गोली लगी है। प्रथम दृष्टया गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। आत्महत्या की संभावना को भी ध्यान में रखकर पुलिस दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मिथुन की मौत के पीछे किसी दूसरे व्यक्ति का हाथ है या उसने खुद को गोली मारी। शुक्रवार रात रिश्तेदार के यहां कार्यक्रम में जाने से लेकर शनिवार सुबह खेत में शव मिलने तक की घटनाओं और उसके संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
