असम। काजीरंगा नेशनल पार्क के पास शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और बचाव दल राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे।
मिनी बस और कंटेनर की आमने-सामने टक्कर
यह दुर्घटना गोलाघाट जिले में कोहोरा रेंज के अंतर्गत हाथीकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन में हुई। पुलिस के मुताबिक, यात्री मिनी बस की सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गोलाघाट के जिला आयुक्त बिस्वजीत फुकन ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका के अनुसार, शुरुआती जानकारी में 24 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। बचाव दल बस से शवों को बाहर निकालने में जुटा रहा। बस में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जताया दुख
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि काजीरंगा में हुई दुर्घटना से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति उन्होंने संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा असम प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने घायलों को बिना देरी बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को सरकार की प्राथमिकता बताया। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने और शोक संतप्त परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति मिलने की कामना की।
मंत्री अतुल बोरा मौके पर पहुंचे, घायलों को कराया भर्ती
हादसे की सूचना मिलते ही असम के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री और स्थानीय विधायक अतुल बोरा घटनास्थल पर पहुंचे। वह राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। घायलों को कोहोरा मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है।
तेज रफ्तार के कारण हादसा होने की आशंका
गोलाघाट के एसएसपी स्वप्ननील डेका के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि मिनी बस काफी तेज रफ्तार में चल रही थी। आशंका है कि बस राष्ट्रीय उद्यान के आसपास लागू गति संबंधी प्रतिबंधों का उल्लंघन कर रही थी। तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बस सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टकरा गई। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
सागर में ट्रक और एसयूवी की टक्कर, चार की मौत
एक अन्य सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के सागर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर देवरी थाना क्षेत्र के गोपालपुरा के पास तेज रफ्तार ट्रक और एसयूवी की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एसयूवी सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि सभी लोग भैंसा गांव के निवासी थे और अमावस्या पर नर्मदा स्नान के लिए बर्मन जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि एसयूवी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए गाड़ी को काटना पड़ा।
