1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम गायब होने के CM योगी के दावे पर उठाए सवाल, दूसरे राज्यों से लोगों को लाकर यूपी में वोट बनवाने की जताई आशंका,PDA प्रहरियों और कार्यकर्ताओं का जताया आभार
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में लखनऊ में हुई भाजपा की बैठक पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की बैठक SIR को लेकर नहीं, बल्कि चुनाव कैसे लूटा जाए, इसकी रणनीति बनाने के लिए हो रही है।अखिलेश ने कहा कि भाजपा को अपनी हार का डर सता रहा है और इसी वजह से मतदाता सूची को लेकर नए तरीके अपनाए जा सकते हैं।
1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम गायब होने के दावे पर सवाल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से प्रदेश में करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में नहीं होने के दावे पर अखिलेश यादव ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे मुख्यमंत्री को यह आंकड़ा कैसे पता चला।उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि हम कह दें कि 90 प्रतिशत PDA वोट काट दिए गए हैं, तो हमसे सवाल पूछे जाएंगे।अखिलेश ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह वोट बढ़ाने के लिए दूसरे राज्यों से लोगों को उत्तर प्रदेश लाकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की तैयारी कर रही है।
दूसरे राज्यों से लोगों को लाकर वोट बनवाने की जताई आशंका
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत दूसरे राज्यों से लोगों को उत्तर प्रदेश लाकर मतदाता बनाने की कोशिश कर सकती है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी ने अपने स्तर पर करीब 25 लाख डुप्लीकेट वोटरों की पहचान की है और इनकी जानकारी चुनाव आयोग को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में पारदर्शिता जरूरी है और विपक्ष को भी इससे संबंधित पूरी जानकारी मिलनी चाहिए।
PDA प्रहरियों और कार्यकर्ताओं का जताया आभार
सपा प्रमुख ने मतदाता सूची की निगरानी में जुटे पार्टी कार्यकर्ताओं, नेताओं, विभिन्न धार्मिक संगठनों और PDA प्रहरियों की सराहना की। उन्होंने कहा, “मैं एक-एक कार्यकर्ता, नेता और अलग-अलग धार्मिक संगठन, PDA प्रहरियों का आभार प्रकट करूंगा कि जिस तरह से उन्होंने अपना वोट बचाया।” अखिलेश ने दावा किया कि प्रदेश में PDA समाज के करीब एक करोड़ वोट काटने की कोशिश हुई, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं और PDA प्रहरियों की सक्रियता से वोट बचाने में मदद मिली।
वोटर आईडी को मेटल का बनाने और आधार से जोड़ने की मांग
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मतदाता पहचान पत्र को लेकर भी बड़ा सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि वोटर आईडी कार्ड मेटल का बनाया जाना चाहिए और मतदाता सूची को आधार तथा बायोमेट्रिक व्यवस्था से जोड़ने पर विचार होना चाहिए। उन्होंने ऐलान किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर लोगों को मेटल का वोटर कार्ड दिया जाएगा। उनके मुताबिक, इससे फर्जी मतदान और मतदाता सूची में होने वाली गड़बड़ियों को रोकने में मदद मिल सकती है।
भ्रष्टाचार और दरोगा भर्ती को लेकर सरकार पर निशाना
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने प्रदेश में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि सब इंस्पेक्टर यानी दरोगा पद पर चयनित अभ्यर्थियों से भी कथित तौर पर पैसे वसूले जा रहे हैं।उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिक्षा संस्थानों की जांच ईडी से कराई जा रही है, लेकिन 17.5 हजार करोड़ रुपये के टेंडर की जांच क्यों नहीं हो रही है? उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच की जरूरत बताई।
PDA की हवा चल रही है, इसलिए दूसरों की हवा खराब: अखिलेश
सियासी माहौल पर टिप्पणी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “PDA की हवा चल रही है और दूसरों की हवा खराब है।” उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले PDA के सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को मजबूत करने के दावे के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने भाजपा पर सामाजिक भेदभाव का आरोप लगाते हुए भी निशाना साधा।
सरकार बनने पर वाराणसी में बनेगा बड़ा काउ मिल्क प्लांट
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने विकास और किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कन्नौज के बाद दूसरा सबसे बड़ा काउ मिल्क प्लांट वाराणसी में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बुंदेलखंड के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी सरकार के दौरान क्षेत्र के हर जिले में मंडी बनाई गई थी।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
