SIR को लेकर भाजपा पर लगाया ‘वोट फिक्सिंग’ का आरोप,अयोध्या में महिलाओं से कथित अभद्रता और लखनऊ अग्निकांड में मृत युवक की मां के मामले पर भी सरकार को घेरा,
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची और निष्पक्ष मतदान को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर फर्जी मतदान रोकने के लिए चुनाव व्यवस्था में बदलाव के तीन सुझाव दिए।उन्होंने मतदाता सूची को आधार से जोड़ने, कागज या प्लास्टिक के बजाय धातु यानी मेटल से बने मतदाता पहचान पत्र जारी करने और मतदान केंद्रों पर फिंगरप्रिंट या आंखों की बायोमेट्रिक जांच की व्यवस्था लागू करने की मांग की। अखिलेश का कहना है कि इस तरह मतदाता की पहचान अधिक भरोसेमंद तरीके से हो सकेगी और एक व्यक्ति के नाम पर दो जगह मतदान जैसी गड़बड़ियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बायोमेट्रिक रीडिंग उपकरणों को सभी मतदान केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने की भी बात कही।
SIR को लेकर भाजपा पर ‘वोट फिक्सिंग’ का आरोप
सपा प्रमुख ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस प्रक्रिया के जरिए ‘वोट फिक्सिंग’ कर रही है और इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा संवैधानिक संस्थाओं पर लोगों का भरोसा कमजोर हो सकता है। अखिलेश ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के उदाहरण देते हुए दावा किया कि लखनऊ के सरोजनी नगर क्षेत्र में दशरथ नाम के व्यक्ति के नाम पर 100 से अधिक फॉर्म भरे गए, जबकि विकास नाम के एक व्यक्ति का नाम कई मतदान केंद्रों की सूचियों में दर्ज होने की बात सामने आई।
अयोध्या में महिलाओं से कथित अभद्रता पर भाजपा को घेरा
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अयोध्या में महिलाओं के साथ कथित अभद्रता और हिंसक व्यवहार का मुद्दा उठाते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो का हवाला देते हुए महिला आयोग से मामले का संज्ञान लेने और संबंधित भाजपा कार्यकर्ताओं तथा आयोजकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग महिलाओं का सम्मान करने के बजाय उनका अपमान कर रहे हैं।अखिलेश ने लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले युवक की मां के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कथित व्यवहार को लेकर भी सरकार पर हमला बोला
PDA सरकार बनने पर राशन में सरसों का तेल देने का वादा
सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि प्रदेश में PDA सरकार बनने पर राशन के माध्यम से गरीबों को सरसों का तेल उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शोषित, वंचित और गरीब लोगों को किसी तरह का अपमान या उत्पीड़न न सहना पड़े, इसके लिए उनकी पार्टी काम करेगी। उन्होंने भाजपा पर गरीबों और कमजोर वर्गों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कहा कि आगामी चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।
कानून-व्यवस्था और पुलिस पर भी लगाए गंभीर आरोप
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने एक अन्य पोस्ट में आत्महत्या से पहले के बताए जा रहे वीडियो का जिक्र करते हुए प्रदेश सरकार और कुछ पुलिस अधिकारियों पर भ्रष्टाचार तथा मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में फर्जी एनकाउंटर और वसूली का खेल चल रहा है और कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है।सपा प्रमुख ने इसे प्रदेश में कानून -व्यवस्था का आपातकाल बताते हुए कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में कानून -व्यवस्था के मुद्दे पर घिर सकती
2027 का चुनाव महिला-युवा बनाम भाजपा बनाने की बात
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने राजनीतिक संदेश में कहा कि अगला चुनाव महिला और युवा बनाम भाजपा होगा। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा को सत्ता से हटाने के मूड में है। 2024 के लोकसभा चुनाव और 2026 के विधान परिषद चुनावों का हवाला देते हुए उन्होंने भाजपा के राजनीतिक प्रदर्शन पर भी सवाल उठाए। सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा से जुड़े कुछ राजनीतिक लोग जनाक्रोश के डर से राजनीति छोड़ रहे हैं या दूसरे दलों में जगह तलाश रहे हैं।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
