टांडा विजेंसी कॉलोनी में रात करीब एक बजे हुआ हादसा, परिवार ने आग लगाए जाने का जताया संदेह; पुलिस जांच में जुटी
पीलीभीत। जिले के न्यूरिया थाना क्षेत्र की टांडा विजेंसी कॉलोनी में रविवार देर रात एक मकान के कमरे में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आकर नकदी, सोने-चांदी के जेवर, घरेलू सामान और जरूरी दस्तावेज जलकर राख हो गए। पीड़ित परिवार ने बेटे की शादी के लिए नकदी जमा कर रखी थी, जो आग में जल गई। परिजनों ने किसी के द्वारा आग लगाए जाने का संदेह जताया है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
काली पूजा में गया था परिवार, घर में लगी आग
पीड़ित मकान मालिक मिथुन मंडल के मुताबिक, रविवार रात वह अपनी पत्नी के साथ कॉलोनी में आयोजित काली पूजा में शामिल होने गए थे। इसी दौरान रात करीब एक बजे घर के कमरे में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठने पर घर में सो रहे उनके बेटे और साले बाहर निकल आए। दोनों ने फोन कर परिवार के अन्य सदस्यों को घटना की जानकारी दी।
नकदी, जेवर और जरूरी दस्तावेज जले
मिथुन मंडल ने बताया कि आग में नकदी के साथ सोने की दो जोड़ी झुमकी, मंगलसूत्र, चांदी की पायल, लिहाफ और गद्दे जल गए। इसके अलावा बेटे के शैक्षिक प्रमाणपत्र और जमीन से जुड़े जरूरी कागजात भी आग की भेंट चढ़ गए। परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ महत्वपूर्ण दस्तावेजों के नष्ट होने से भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस और लेखपाल ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। लेखपाल ने भी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया। परिजनों ने आग लगाए जाने की आशंका जताई है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
रिपोर्ट- ऋतिक द्विवेदी
