कमिश्नर की अध्यक्षता में उद्योग बंधु समिति की बैठक में कई अहम फैसले, बजट मिलते ही शुरू होगा एनएच-30 से सथरापुर होते हुए एफसीआई गोदाम मार्ग का निर्माण, परसाखेड़ा की जलभराव समस्या दूर करने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के निर्देश
बरेली : शहर की यातायात व्यवस्था और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम करने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को कमिश्नर शंभू कुमार की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में आयोजित मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक में झुमका तिराहे पर फ्लाईओवर निर्माण, एनएच-30 से एफसीआई गोदाम तक सड़क निर्माण और औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं पर चर्चा हुई। बैठक में बताया गया कि जीरो प्वाइंट झुमका तिराहे पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए वित्तीय बिड खोली जा चुकी है और ठेकेदार की नियुक्ति भी हो गई है। निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। वहीं, एनएच-30 से सथरापुर होते हुए एफसीआई गोदाम तक मार्ग निर्माण को वित्तीय वर्ष 2026-27 की लॉजिस्टिक योजना में शामिल किया गया है। मुख्यालय से अनुमोदन मिल चुका है और बजट मिलते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण शुरू कराया जाएगा।
झुमका तिराहे पर फ्लाईओवर निर्माण का रास्ता साफ
बैठक में एनएचएआई मुरादाबाद के परियोजना निदेशक ने बताया कि जीरो प्वाइंट झुमका तिराहे पर प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण के लिए वित्तीय बिड खोलने के बाद ठेकेदार नियुक्त कर दिया गया है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इससे इस प्रमुख चौराहे पर यातायात व्यवस्था बेहतर होने और जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।
एनएच-30 से एफसीआई गोदाम तक बनेगा मार्ग
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एनएच-30 से सथरापुर होते हुए एफसीआई गोदाम तक सड़क निर्माण को वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में लॉजिस्टिक योजना के तहत शामिल किया गया है। परियोजना में सड़क के साथ जल निकासी के लिए नाली निर्माण भी कराया जाएगा। मुख्यालय से मंजूरी मिल चुकी है। बजट उपलब्ध होते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू कराया जाएगा।
रिछा रेलवे क्रॉसिंग पर दोनों तरफ बनेगा खड़ंजा
रिछा रेलवे क्रॉसिंग के दोनों तरफ 100-100 मीटर खड़ंजा निर्माण के संबंध में जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी ने बताया कि निविदा प्रक्रिया चल रही है। औपचारिकताएं पूरी कर जल्द निर्माण कराया जाएगा।
परसाखेड़ा में जलभराव की समस्या होगी दूर
औद्योगिक क्षेत्र परसाखेड़ा में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए कमिश्नर ने यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक और वन विभाग को संयुक्त जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, नगर निगम और बीडीए से संबंधित औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं के निस्तारण के लिए हर महीने बैठक आयोजित करने को कहा गया।
ITI में प्रशिक्षित होंगे युवा
स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कमिश्नर ने आईटीआई प्रधानाचार्य, उपायुक्त उद्योग और संयुक्त आयुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षित विद्यार्थियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और औद्योगिक इकाइयों को कुशल कर्मचारी मिल सकेंगे।
GST और मंडी समिति को टैक्स कार्रवाई का डाटा देने के निर्देश
बैठक में जीएसटी विभाग और मंडी समिति को टैक्स एनफोर्समेंट की कार्रवाई की प्रगति का डाटा आगामी मंडलीय समीक्षा बैठक से पहले उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान, आरएम यूपीसीडा मंसूर कटियार, शरद अग्रवाल, गुरप्रीत सिंह, राजेश गुप्ता, विमल रेवाड़ी, मो. आरिफ और रजत मल्होत्रा सहित अन्य उद्यमी मौजूद रहे।
