लखनऊ/बुलंदशहर :यूपी के बुलंदशहर में उस वक्त लोगों की नजरें पोस्टरों पर टिक गईं, जब आम लापता व्यक्ति के बजाय एक अमेरिकन बुली डॉग की गुमशुदगी के पोस्टर जगह-जगह नजर आए। मामला जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र का है, जहां अभिषेक चौधरी नामक युवक ने अपने खोए हुए पालतू कुत्ते को ढूंढने के लिए इनाम की घोषणा कर पूरे नगर में पोस्टर चस्पा करवा दिए हैं। इन पोस्टरों में न सिर्फ कुत्ते की तस्वीर है, बल्कि पूरा हुलिया भी दिया गया है।
“वो हमारा परिवार का हिस्सा है” – भावुक हुआ मालिक
अभिषेक चौधरी ने मीडिया को बताया कि यह कुत्ता उनके परिवार के लिए सिर्फ एक जानवर नहीं, बल्कि एक परिवार का सदस्य है। उसके लापता होने से पूरा परिवार मानसिक रूप से परेशान है। अभिषेक को उम्मीद है कि कोई न कोई उसका सुराग जरूर देगा। कुत्ते की जानकारी देने वाले को 5100 रूपये का इनाम देने की भी घोषणा की गई है।
इलाके में चर्चा का विषय बना मामला
पोस्टर लगने के बाद राहगीर और स्थानीय लोग पहले तो हैरान हुए, लेकिन जल्द ही यह खबर पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई। कुछ लोगों ने इसे पशु प्रेम और जागरूकता की मिसाल बताया, तो कुछ ने कहा कि यह घटना इंसान और जानवर के रिश्ते की गहराई को दर्शाती है।
एक पोस्टर, एक उम्मीद
फिलहाल कुत्ते की तलाश जारी है और सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक, इस प्यारे पालतू की खोज में एक भावनात्मक जुड़ाव देखा जा रहा है। ये घटना साफ बताती है कि जानवर भी परिवार होते हैं — और उनके लिए की गई कोशिशें उतनी ही सच्ची होती हैं जितनी इंसानों के लिए।
![]()
