बरेली : उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 रविवार को बरेली में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। तीन अलग-अलग तारीखों में आयोजित इस परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, लेकिन करीब एक तिहाई अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। जिले में कुल 62,328 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 41,663 ने परीक्षा दी, जबकि 20,665 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह जिले में कुल उपस्थिति 66.8 प्रतिशत दर्ज की गई।परीक्षा के अंतिम दिन रविवार को जिले के 23 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा कराई गई। दोनों पालियों में कुल 20,688 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, लेकिन 13,921 अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंचे। जबकि 6,767 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई और परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए निगरानी रखी गई।
पहली पाली में 3,423 और दूसरी में 3,344 अभ्यर्थी अनुपस्थित
रविवार को पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुई। इसमें पंजीकृत 10,344 अभ्यर्थियों में से 6,921 परीक्षा देने पहुंचे, जबकि 3,423 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा हुई। इस पाली में भी 10,344 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 7,000 ने परीक्षा दी और 3,344 अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर नहीं पहुंचे। दोनों पालियों को मिलाकर अंतिम दिन 67.36 प्रतिशत उपस्थिति रही।
करेंट अफेयर्स के सवालों ने बढ़ाई मुश्किल
परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों के अनुसार इस बार प्रश्नपत्र में करेंट अफेयर्स के सवालों ने सबसे ज्यादा उलझाया। खासकर वर्ष 2025 की प्रमुख राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं से जुड़े प्रश्न पूछे गए। अभ्यर्थियों ने बताया कि आसियान की बैठक की मेजबानी करने वाले देश, 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और भारत की पहली विदेशी रक्षा विनिर्माण सुविधा जैसे विषयों पर सवाल शामिल थे। अभ्यर्थियों का कहना था कि करेंट अफेयर्स की तैयारी करने के बावजूद कुछ सवालों के जवाब देना आसान नहीं रहा। वहीं गणित और रीजनिंग के प्रश्नों का स्तर मध्यम से कठिन बताया गया। इसके मुकाबले हिंदी और अंग्रेजी के सवाल अपेक्षाकृत आसान रहे। कई अभ्यर्थियों को गणित और रीजनिंग के प्रश्न हल करने में अधिक समय लगा।
अभ्यर्थियों ने बताया कैसा रहा पेपर
बदायूं से परीक्षा देने पहुंचीं अंकिता ने बताया कि प्रश्नपत्र का स्तर मध्यम था, लेकिन करेंट अफेयर्स के सवाल गणित से भी ज्यादा कठिन लगे। उनके मुताबिक वर्ष 2025 की घटनाओं से जुड़े करीब छह से सात सवाल पूछे गए। रीजनिंग के कुछ प्रश्न भी चुनौतीपूर्ण रहे। वहीं अभ्यर्थी अंजू ने बताया कि प्रश्नपत्र कुल मिलाकर ठीक था, लेकिन गणित और रीजनिंग के सवाल हल करने में अधिक समय लगा। करेंट अफेयर्स में पिछले वर्ष की घटनाओं से जुड़े प्रश्न ज्यादा पूछे गए। अमेठी से आए शेर सिंह ने बताया कि उनकी परीक्षा उम्मीद के मुताबिक अच्छी नहीं हुई। तैयारी बीच में छूट जाने के कारण कुछ सवाल हल करने में परेशानी हुई।
बरेली कॉलेज समेत 23 केंद्रों पर हुआ परीक्षा का आयोजन
परीक्षा के लिए जिले में कुल 23 केंद्र बनाए गए थे। इनमें बरेली कॉलेज में पांच, बीएल इंटरनेशनल में दो और एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज में दो केंद्र शामिल थे। इसके अलावा भरत इंटर कॉलेज, बिशप मंडल इंटर कॉलेज, सीएएस इंटर कॉलेज, छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, कुंवर रणजीत सिंह इंटर कॉलेज, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, रोहिलास इंटरनेशनल स्कूल, साहू गोपीनाथ गर्ल्स इंटर कॉलेज, श्री गुलाब राय इंटर कॉलेज, श्री गुरु गोबिंद सिंह इंटर कॉलेज, श्री पीसी आजाद इंटर कॉलेज और तिलक इंटर कॉलेज समेत अन्य विद्यालयों में परीक्षा आयोजित कराई गई।
