बीसलपुर में कुर्मी महासभा ने मनाई भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती, राजकुमार भाटी बोले- किसान बदहाल, गन्ने का उचित मूल्य और समय पर भुगतान नहीं
पीलीभीत: बीसलपुर के देव मैरिज लॉन में कुर्मी महासभा पीलीभीत के तत्वावधान में अखंड भारत के शिल्पी और लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी पहुंचे। उन्होंने समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष धर्मेश गंगवार और वरिष्ठ नेता डॉ. रत्नेश गंगवार सहित पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया।
राजकुमार भाटी ने किसानों की समस्याओं पर सरकार को घेरा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजकुमार भाटी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने 565 देसी रियासतों का भारतीय संघ में विलय कर देश को एकजुट और सशक्त राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस महान योगदान के लिए राष्ट्र हमेशा उनका ऋणी रहेगा। उन्होंने जातियों में बंटे किसान और कमेरा समाज से एकजुट होकर सशक्त समाज और राष्ट्र के निर्माण में भागीदारी निभाने की अपील की। सरदार पटेल को किसानों का मसीहा बताते हुए भाटी ने कहा कि देश की खुशहाली का रास्ता खेत-खलिहानों से होकर गुजरता है, लेकिन आज अन्नदाता बदहाली का सामना कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चीनी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के बावजूद किसानों को गन्ने का उचित मूल्य नहीं मिल रहा और न ही समय पर भुगतान हो रहा है। धान किसान भी अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर हैं। उन्होंने लोगों से खेत-खलिहानों के साथ दिल्ली और लखनऊ की सत्ता में भी भागीदारी बढ़ाकर व्यवस्था परिवर्तन का आह्वान किया।
भगवत शरण गंगवार ने सरदार पटेल के योगदान को याद किया
पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल दृढ़ इच्छाशक्ति वाले, कुशल संगठनकर्ता, जनसरोकारों से जुड़े राजनीतिज्ञ और दूरदृष्टा थे। उन्होंने अपनी सूझबूझ और मजबूत इच्छाशक्ति से राष्ट्रीय एकता के असंभव दिखने वाले कार्य को पूरा कर देश-दुनिया में अपने नेतृत्व का लोहा मनवाया। इसी कारण उन्हें लौह पुरुष की उपाधि मिली। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने जीवनभर किसानों और शोषित-वंचित समाज के हितों के लिए संघर्ष किया। सभी लोगों को उनके रास्ते पर चलकर सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
शिक्षा को राष्ट्र का आधार बताया
विशिष्ट अतिथि डॉ. रत्नेश गंगवार ने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोकर मजबूत राष्ट्र का निर्माण किया। उन्होंने शिक्षा को राष्ट्र का आधार बताते हुए समाज के लोगों से उच्च और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। डॉ. गंगवार ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार विद्यालय बंद कर और गांव-गांव में शराब की दुकानें खोलकर किसानों, मजदूरों और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने लोगों से वर्ष 2027 में जनहित की सरकार बनाने की अपील की।
कई नेताओं ने रखे विचार, बड़ी संख्या में लोग पहुंचे
कार्यक्रम को सपा जिलाध्यक्ष धर्मेश गंगवार, रामबाबू पटेल, राजाराम माथुर, राजेश गंगवार, गयासुद्दीन, जंगबहादुर पटेल, सरिता पटेल, ब्रजनंदन प्रसाद पटेल, रवींद्र सिंह गंगवार, काशीराम सरोज, रामचन्द्र कोरी, सत्यवीर सिंह गुर्जर, शिवकुमार पटेल, प्रमोद पटेल, गजेंद्र पटेल और भानु पटेल सहित कई लोगों ने संबोधित किया। समारोह में बरेली मंडल से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामप्रताप गंगवार ने किया, जबकि अध्यक्षता कुर्मी महासभा के वरिष्ठ संरक्षक जंगबहादुर पटेल ने की। कुर्मी महासभा पीलीभीत के महासचिव शिवकुमार पटेल ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
