कांग्रेस सहित आईएनडीआईए गठबंधन के कई दलों के कार्यकर्ता अलग-अलग राज्यों से पहुंचे दिल्ली, 10 लाख लोगों के आने का दावा; पुलिस को 70 हजार की भीड़ जुटने का अनुमान
दिल्ली: राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को आईएनडीआईए गठबंधन की महारैली को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस सहित विपक्षी गठबंधन के विभिन्न दलों के कार्यकर्ता अलग-अलग राज्यों से मैदान में पहुंच चुके हैं। दोपहर एक बजे तक मंच खाली रहा और किसी बड़े नेता ने मंच संभाला नहीं था। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, फारूक अब्दुल्ला, तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव, सुप्रिया सुले, अभिषेक बनर्जी और केसी वेणुगोपाल समेत कई बड़े नेताओं के रैली में शामिल होने की तैयारी है। नेताओं का काफिला रामलीला मैदान की ओर बढ़ रहा है।
इकरा हसन और राजीव राय ने उठाए लोकतंत्र से जुड़े सवाल
रैली को लेकर समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने कहा कि जब जनता अपने अधिकारों की मांग के लिए सड़कों पर उतरती है और संस्थाओं से उसका भरोसा उठ जाता है, तो लोकतंत्र में उसके पास यही रास्ता बचता है। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यवस्थित तरीके से स्वतंत्र और निष्पक्ष संस्थाओं के अस्तित्व को कमजोर किया गया है। इकरा हसन ने कहा कि यह लोगों का मौलिक अधिकार है और आज सत्ता में बैठे लोगों को दिखाया जाएगा कि यह मुद्दा केवल राजनीतिक दलों का नहीं, बल्कि देश की जनता का है। वहीं, सपा सांसद राजीव राय ने आरोप लगाया कि वोटों की चोरी के जरिए सत्ता में पहुंचने वालों को समझ लेना चाहिए कि देश की जनता जाग चुकी है। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज दबाकर कोई हमेशा सत्ता में नहीं रह सकता। राजीव राय ने नेताओं के घरों पर अलग-अलग जगहों पर हो रही छापेमारी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।
गुरुग्राम और हरियाणा से भी दिल्ली पहुंचे कार्यकर्ता
महारैली में शामिल होने के लिए गुरुग्राम से सैकड़ों कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रविवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना हुए। सुबह 10 बजे सभी कार्यकर्ता लेजर वैली पार्क में एकत्रित हुए। इसके बाद नारेबाजी करते हुए एक साथ दिल्ली की ओर कूच किया। हरियाणा के अन्य इलाकों से भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दिल्ली पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
4000 पुलिसकर्मी और 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी
महारैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। रामलीला मैदान और आसपास के इलाकों में करीब 4000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर के मुताबिक, पूरे इलाके को 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों से कवर किया गया है। आयोजकों का अपना नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है। पुलिस और आयोजक मिलकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटे हैं। शनिवार दोपहर दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार और विशेष पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने भी रामलीला मैदान पहुंचकर तैयारियों और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
10 लाख लोगों के आने का दावा, पुलिस का अनुमान 70 हजार
रैली में भीड़ को लेकर आईएनडीआईए गठबंधन की ओर से करीब 10 लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। वहीं, दिल्ली पुलिस के पास लगभग 70 हजार लोगों के आने का खुफिया अनुमान है। रैली में शामिल होने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर भी रविवार सुबह से हलचल तेज रही। गठबंधन के बड़े नेताओं के पहुंचने के साथ ही रामलीला मैदान में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है।
