बरेली : बुधवार शाम बरेली-बीसलपुर मार्ग पर राघवपुर मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। लोडर वाहन और सामने से आ रही कार की जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि कार और लोडर में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना तेज था कि टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया
सूचना मिलते ही बरेली देहात की भुता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया। यह हादसा बुधवार शाम 4 बजे हुआ।
बरेली के दोनों मृतक
लोडर बीसलपुर की ओर से आ रहा था, जबकि कार सामने से। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार खाई में जा गिरी। मृतकों की पहचान डेलापीर, बरेली निवासी मोहित कुमार और उनके एक साथी के रूप में हुई है। कार चालक ओम प्रकाश गंभीर रूप से घायल हुआ है।
लोडर में थे पांच लोग
चालक: इरफान लोडर में हेल्पर मनोज कुमार निवासी अमृति, थाना भुता, उसमें सवार नरोत्तम गंगवार व नीरज गंगवार निवासी – ग्राम रुपियापुर इन सभी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद हड़कंप
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। दोनों ओर से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। मृतक मोहित कुमार विवाहित थे। उनके परिवार में कोहराम मच गया है। पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है। साथी के परिवार में भी मातम छाया हुआ है। मोहित, उनका साथी और ओम प्रकाश किसी कार्यवश कहीं जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
![]()
