मेरठ : यूपी के मेरठ जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक और भ्रष्ट सरकारी कर्मचारी को बेनकाब किया है। सदर तहसील में तैनात कानूनगो लोकेंद्र राठी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने खेत की डोल नपाई के बदले पैसे की मांग की थी। शिकायतकर्ता राकेश कुमार, निवासी पांचली गांव, ने बताया कि उनके रिश्तेदार के खेत की सीमांकन को लेकर विवाद चल रहा था। तहसील से कानूनगो राठी को नपाई की जिम्मेदारी दी गई थी। आरोप है कि राठी ने इसके लिए 1 लाख रुपये की डिमांड की, लेकिन बातचीत के बाद 20 हजार में ‘सौदा तय’ हो गया।
ऐसे की गिरफ्तारी
राकेश ने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद ACB ने पूरी योजना तैयार की । बुधवार सुबह दिल्ली-देहरादून बाईपास पर स्थित गॉड विन होटल के पास राकेश को केमिकल लगे नोट दिए गए। जैसे ही राठी ने पैसे लिए, टीम ने उसे तुरंत पकड़ लिया। आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने मौके पर ही दबोच लिया। राठी की जेब से वही केमिकल लगे नोट बरामद हुए जो राकेश को दिए गए थे। इसके साथ ही हाथों पर भी केमिकल के निशान पाए गए। जिससे रिश्वत लेना साबित हो गया।
जानें क्या बोले लोग
स्थानीय लोगों का कहना है कि लोकेंद्र राठी लंबे समय से किसानों को नपाई और सीमांकन के नाम पर परेशान करता आ रहा था। विभाग में कई बार शिकायत भी हुई लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसीलिए अब एंटी करप्शन का सहारा लेना पड़ा। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी कानूनगो के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
![]()
