फिरोजाबाद/लखनऊ : खेल का मैदान जो उत्साह, उमंग और भविष्य की उम्मीदों का प्रतीक होता है, वह मातम का केंद्र बन गया। फिरोजाबाद जिले के टूंडला थाना क्षेत्र में क्रिकेट खेलते समय 12 वर्षीय बालक अंश की गेंद लगने से मौत हो गई। घटना के बाद खिलाड़ी साथी और परिजन सदमे में हैं।
फाइनल मैच में हुआ हादसा
अंश, नारखी थाना क्षेत्र के गढ़ी रंछोर मोहल्ले का रहने वाला था और फ्यूचर क्रिकेट अकादमी की ओर से टूंडला में फाइनल मैच खेल रहा था। मैच के दौरान एक तेज गेंद सीधे अंश के सीने पर आकर लगी। गेंद लगते ही अंश जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया।
अस्पताल पहुंचते ही मिली दुखद खबर
साथी खिलाड़ी और कोच उसे तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके चलते परिजनों ने हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। टूंडला थाना प्रभारी अंजीश कुमार के अनुसार, अंश के परिजन इस सदमे को स्वीकार नहीं कर पा रहे थे। उन्हें विश्वास था कि अंश अभी जीवित है, इसलिए वे उसे लेकर आगरा तक गए इलाज कराने। जब वहां भी कोई उम्मीद नहीं बची, तो परिवार फिरोजाबाद में अंतिम संस्कार कर आया। इस कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका।
क्या हुई कोई लापरवाही?
नगर पुलिस अधीक्षक रविशंकर प्रसाद ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे ने खेल आयोजनों में सुरक्षा उपायों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अंश अपने क्षेत्र का होनहार खिलाड़ी था। उसका सपना था कि वह एक दिन भारत के लिए क्रिकेट खेले। उसकी आकस्मिक मौत ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। टूंडला और नारखी क्षेत्र में हर आंख नम है।
![]()
