पर्चियों में पिता के नाम की जगह आपत्तिजनक शब्द दर्ज होने का दावा, सपा प्रत्याशी मान सिंह यादव ने जिलाधिकारी से की शिकायत; प्रशासन ने मताधिकार सुरक्षित रखने का दिया भरोसा
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव की मतदाता पर्चियों में कथित गड़बड़ियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी और मौजूदा एमएलसी डॉक्टर मान सिंह यादव ने मतदाता पर्चियों में नाम और पिता के नाम से जुड़ी त्रुटियों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पर्चियों में पिता के नाम की जगह ‘बीकॉम’ लिखा गया है, जबकि एक अन्य पर्ची पर कथित तौर पर ‘राम ने यादव को मारा’ और पिता के नाम के स्थान पर ‘मूर्ख चंद यादव’ दर्ज है। सपा प्रत्याशी ने इस मामले में जिलाधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
‘ऐसा लगता है जैसे नशे में बनाई गई मतदाता सूची’
डॉक्टर मान सिंह यादव ने मतदाता पर्चियों में कथित गलतियों पर नाराजगी जताते हुए निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है, जैसे किसी ने नशे में मतदाता सूची तैयार की हो। सपा प्रत्याशी का कहना है कि मतदाता पर्चियों में इस तरह की त्रुटियां गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले पर ध्यान देने और गलतियों की जांच कराने की मांग की है।
मतदान की तैयारियां पूरी, जिले को 50 जोन में बांटा
एमएलसी चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह मतदान शुरू होना है। प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर तैयारियां पूरी कर ली हैं और मतदान कर्मियों के साथ पोलिंग एजेंटों को भी बूथों के लिए रवाना किया जा रहा है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के मुताबिक, चुनाव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिले को 50 जोन में बांटा गया है। सभी जोन में निगरानी के लिए अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं।
डीएम की अपील—गलती के कारण मताधिकार से वंचित नहीं होगा कोई मतदाता
मतदाता पर्चियों में गड़बड़ी के आरोपों के बीच प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामूली त्रुटियों के कारण किसी भी मतदाता को उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें। हालांकि, यदि किसी मतदाता का नाम गलती से एक से अधिक मतदान केंद्रों की सूची में दर्ज है, तो वह केवल एक ही स्थान पर मतदान करे। एक से अधिक जगह वोट डालने की कोशिश करने पर कार्रवाई की जाएगी।
