रामलीला मेला कमेटी के हिसाब-किताब को लेकर हुआ था विवाद, फायरिंग में तीन लोगों की गई थी जान; पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से मिले तमंचे की वीरेंद्र गंगवार ने पहचान की
पीलीभीत : अमरिया कस्बे के चर्चित तिहरे हत्याकांड में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रामलीला मेला कमेटी के रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों की मौत के मामले में वीरेंद्र गंगवार और देवेंद्र कुमार उर्फ सोनू को पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के नाम विवेचना के दौरान सामने आए थे। इस कार्रवाई के बाद मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है।
12 अक्टूबर की रात विवाद के बाद हुई थी फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर की रात अमरिया कस्बे में रामलीला मेला कमेटी के हिसाब-किताब और रुपये के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। देखते ही देखते मामला मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गया। घटना में मोहित गुप्ता, उनके भाई अंकित गुप्ता और कुणाल श्रीवास्तव की गोली लगने से मौत हो गई थी। मृतक भाइयों के बड़े भाई रोहित गुप्ता की शिकायत पर पुलिस ने सात नामजद और 13 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। मामले में इससे पहले नरेश गुप्ता, संतोष गुप्ता, कौशल गुप्ता, हर्षित, रचित, आशीष, राकेश और विक्की समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने पहले की कार्रवाई में लाइसेंसी राइफल, अवैध तमंचा, कारतूस और घटना से संबंधित कार बरामद करने की जानकारी दी थी।
धुंधरी गांव के पास से दोनों की गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, रविवार रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर धुंधरी गांव के पास शराब की दुकान के नजदीक दबिश देकर वीरेंद्र गंगवार निवासी फुलइया और देवेंद्र कुमार उर्फ सोनू निवासी माधोपुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से फील्ड यूनिट को एक तमंचा मिला था। गिरफ्तार आरोपी वीरेंद्र गंगवार ने कथित तौर पर उस तमंचे की पहचान अपने तमंचे के रूप में की। पुलिस इस बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विवेचना आगे बढ़ा रही है।
12 आरोपी जेल भेजे गए, अन्य की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। इसके साथ ही इस तिहरे हत्याकांड में जेल भेजे गए आरोपियों की संख्या 12 हो गई है।पुलिस मामले से जुड़े अन्य वांछित लोगों की तलाश कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, आगे की कार्रवाई साक्ष्यों और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
रिपोर्टर: ऋतिक द्विवेदी | पीलीभीत
