कसया में मेला देखकर घर लौट रहे थे सभी युवक, रामाभार पुल के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई कार, घायलों की हालत नाजुक
देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया-कसया मार्ग पर रामाभार पुल के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। कसया में मेला देखकर घर लौट रहे युवकों की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
हादसे में इन चार युवकों की मौत
हादसे में तरकुलवा थाना क्षेत्र के मठियारत्ती गांव निवासी नीतीश प्रसाद पुत्र शकुंतल प्रसाद, प्रदीप कुमार पुत्र छट्ठू और संजीव शर्मा पुत्र सुभाष शर्मा की मौत हो गई। वहीं, गढ़रामपुर निवासी अंकुर कनौजिया पुत्र पप्पू कनौजिया ने भी घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। हादसे में मठियारत्ती गांव के निवासी अंकित पुत्र हर्षदेव, अंकित पुत्र विजय शंकर और अंकित पुत्र धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
मेला देखकर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सभी युवक कसया में मेला देखने के बाद कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रामाभार पुल के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार युवकों की जान चली गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांवों में शोक का माहौल है।
