नदीम कुरैशी बोले, “मुझे मिली सर तन से जुदा की धमकी” पुलिस को दूंगा तहरीर
बरेली : ऑल इंडिया मजलिस- ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रदेश महासचिव नदीम कुरैशी पर धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई उनके एक विवादित बयान के बाद की गई। जिसमें उन्होंने विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के नेताओं को ‘गुंडा’ बताया था।
जानें क्या है मामला
2 जून 2025 को, बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मौला नगर निवासी नदीम कुरैशी ने एक कार्यक्रम में “विहिप और बजरंग दल के नेता समाज में गुंडागर्दी फैला रहे हैं और मुस्लिम युवाओं को निशाना बना रहे हैं।” यह बात कही थी। इस बयान से क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। शहर की सद्भावना पुलिस चौकी के सब इंस्पेक्टर (दरोगा) वीरेश कुमार की ओर से प्रेमनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। जिसमें धारा 196, 299 और 353(2) बी.एन.एस.एस. (B.N.S.S.) के तहत केस दर्ज हुआ है।
धार्मिक भावना भड़काने और शांति भंग करने के आरोप
एफआईआर के अनुसार, नदीम कुरैशी का बयान समाज में वैमनस्य फैलाने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से दिया गया था। पुलिस ने इस बयान को संज्ञान में लेकर 3 जून 2025 को एफआईआर दर्ज की और जांच प्रारंभ कर दी है। एफआईआर में नदीम कुरैशी को नामजद आरोपी बनाया गया है। प्राथमिकी में स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि उनका भाषण एक विशेष वर्ग की धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाला है और इससे शांति भंग होने की आशंका है।
नदीम कुरैशी बोले, मुझे मिली सर तन से जुदा की धमकी
नदीम कुरैशी ने अपने ऊपर दर्ज एफआईआर को राजनीति से प्रेरित बताया है। उनका आरोप है कि “मुझे धमकी दी गई है। एक संगठन के पदाधिकारी ने ‘सर तन से जुदा कर देंगे’, लेकिन पुलिस ने अभी तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। बोले, उल्टा मेरे खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मैं उच्च अधिकारियों से मिलकर न्याय की गुहार लगाऊंगा। ”उन्होंने यह भी कहा कि “मुझे एक वर्ग विशेष के लोगों के द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही हैं। मैंने इसकी तहरीर दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उल्टे मुझ पर मुकदमा कायम कर दिया गया। यह अन्याय है।”
पुलिस जांच जारी, क्षेत्र में बढ़ाई गई सतर्कता
बरेली पुलिस ने बयान का वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान एकत्र किए हैं। पुलिस के अनुसार यह मामला संवेदनशील है। इसलिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
![]()
