लखनऊ/अयोध्या/बीकापुर : यह सिर्फ एक हत्या नहीं, एक पूरे परिवार के सपनों का कत्ल है। अयोध्या के बीकापुर कस्बे में इस जघन्य हत्या ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। 24 वर्षीय दिनेश वर्मा, जो सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना चाहता था। उसकी निर्मम हत्या कर शव के छह टुकड़े कर दिए गए। हत्या का आरोप सगे चाचा और पड़ोसियों पर लगाया गया है। यह घटना बीकापुर कोतवाली के पास होने की बात सामने आई है। एसपी देहात बलवंत कुमार चौधरी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर बताया कि घटना की जानकारी परिजनों से मिली। इस पर तुरंत कार्रवाई की गई है। मृतक के परिजनों ने चाचा और पड़ोसी पर हत्या की आशंका जताई है। उन्हें हिरासत में ले लिया गया है, बाकी कार्रवाई की जा रही है।
चारपाई के नीचे बह रहा था खून, पिता की आंखों के सामने सब कुछ लुटा

दिनेश वर्मा सोमवार रात अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था। देर रात पिता राजकुमार वर्मा जनरेटर में पानी डालने उठे, तभी उन्होंने चारपाई के नीचे से खून बहते देखा। जब पास जाकर देखा तो बेटे का शव टुकड़ों में बिखरा पड़ा था। इस खौफनाक मंजर ने पूरे परिवार की रूह कंपा दी। उनकी बहन बदहवासी में बार-बार बस एक ही सवाल कर रही थी। “भइया… कहां चले गए?”
सेना में भर्ती का सपना देख रहा था दिनेश, मेडिकल और फिजिकल पास
दिनेश ने बीएसएफ में भर्ती की तैयारी शुरू की थी। उसने हाल ही में मेडिकल और फिजिकल टेस्ट पास किया था। घर में सभी को उस पर गर्व था, पिता की आंखों में बेटे के लिए बड़े सपने थे, जो एक ही रात में चिथड़े-चिथड़े होकर बिखर गए।
चाचा और पड़ोसी पर हत्या का आरोप, जमीन की रंजिश में रची गई साजिश
परिवार ने आरोप लगाया है कि यह हत्या जमीन विवाद के चलते की गई। मृतक के भाई विनोद वर्मा की तहरीर पर सगे चाचा अशोक वर्मा, पड़ोसी रामकृष्ण वर्मा, चाची और एक अन्य व्यक्ति रामप्रकाश वर्मा को नामजद किया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, दो की तलाश जारी है।
बेटी ने देखे थे तीन लोग, पहले अनदेखा किया, फिर सामने आया भयावह सच
दिनेश की बहन ने बताया कि रात को उसने पड़ोसी के घर तीन लोगों की हलचल देखी थी। तब इसे मामूली बात मान लिया गया। पर जब सुबह भाई की लाश टुकड़ों में मिली, तब उसका वह दृश्य भयानक सच्चाई में बदल गया।
यह केवल एक हत्या नहीं, एक सपने की मौत है…
दिनेश की हत्या ने एक बार फिर दिखा दिया कि हमारे समाज में जलन, लालच और पारिवारिक रंजिशें किस हद तक इंसान को हैवान बना सकती हैं। यह मौत केवल एक व्यक्ति की नही। यह हर उस युवा की मौत है, जो देश के लिए कुछ करना चाहता है हर उस परिवार की मौत है, जो अपने बच्चों को लेकर सपने देखता है। अब सिर्फ आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं, पूरे मामले की तेजी से चार्जशीट और न्यायिक कार्रवाई की मांग हो रही है।
![]()
