BDA की 96वीं बोर्ड बैठक में प्रमुख विकास परियोजनाओं के प्रस्ताव सर्वसम्मति से अनुमोदित, कैनाल फ्रंट पर विकसित होंगी हरित पट्टियां और पैदल भ्रमण
बरेली : बरेली के सुनियोजित शहरी विस्तार, आधुनिक आवासीय सुविधाओं और हरित सार्वजनिक स्थलों के विकास की दिशा में बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्राधिकरण की 96वीं बोर्ड बैठक में सप्तनाथ ईको सिटी, विज्ञान पार्क एवं नक्षत्रशाला, ग्रेटर बरेली कैनाल फ्रंट और ओमैक्स इंटीग्रेटेड टाउनशिप से संबंधित विकास परियोजनाओं के प्रस्तावों को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। बैठक की अध्यक्षता आयुक्त एवं बोर्ड अध्यक्ष शंभू कुमार ने की। BDA उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने बैठक में परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण करते हुए उनकी प्रस्तावित सुविधाओं और शहर के विकास में उनकी भूमिका की जानकारी दी।
सप्तनाथ ईको सिटी में 4,726 आवासीय भूखंडों की परिकल्पना
बरेली के भविष्य के सुनियोजित विस्तार के लिए सप्तनाथ ईको सिटी परियोजना को प्रमुख पहल के रूप में प्रस्तुत किया गया।BDA के अनुसार, पीलीभीत बाईपास क्षेत्र में लगभग 267.14 हेक्टेयर भूमि पर 11 सेक्टरों में इस योजना को विकसित करने की परिकल्पना है। इसमें कुल 4,726 आवासीय भूखंडों के साथ विभिन्न आवासीय और शहरी सुविधाएं प्रस्तावित हैं।
योजना में अलग-अलग आय वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आवासीय भूखंडों, ग्रुप हाउसिंग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) तथा निम्न आय वर्ग (LIG) के लिए आवास विकसित करने की योजना है। इसके अलावा व्यावसायिक क्षेत्र, पार्क, हरित क्षेत्र और सार्वजनिक एवं अर्द्ध-सार्वजनिक सुविधाएं भी विकसित करने का प्रस्ताव है।
नाथ नगरी’ की पहचान के अनुरूप विकसित होंगे हरित क्षेत्र
बरेली की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को ध्यान में रखते हुए सप्तनाथ ईको सिटी में थीम आधारित हरित क्षेत्रों, आकर्षक लैंडस्केपिंग, पार्कों और ब्लू-ग्रीन कॉरिडोर की अवधारणा शामिल की गई है। इन प्रावधानों का उद्देश्य आवासीय विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और खुले स्थानों को भी महत्व देना है।योजना में आधुनिक शहरी सुविधाओं और हरित परिवेश के बीच संतुलन बनाने पर जोर दिया गया है।
आधुनिक और हरित बरेली की दिशा में BDA की पहल
BDA की 96वीं बोर्ड बैठक में अनुमोदित परियोजनाएं आवासीय सुविधाओं के विस्तार, शहरी आधारभूत ढांचे के विकास, विज्ञान शिक्षा को प्रोत्साहन और सार्वजनिक स्थलों को बेहतर बनाने से जुड़ी हैं।सप्तनाथ ईको सिटी में समावेशी आवासीय विकास, विज्ञान पार्क एवं नक्षत्रशाला में वैज्ञानिक जागरूकता, कैनाल फ्रंट में हरित सार्वजनिक स्थलों और ओमैक्स टाउनशिप में समेकित शहरी सुविधाओं पर जोर दिया गया है।
रामगंगा नगर में बनेगा विज्ञान पार्क और नक्षत्रशाला
बरेली में विज्ञान शिक्षा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के लिए रामगंगा नगर के सेक्टर-8 में विज्ञान पार्क एवं नक्षत्रशाला विकसित करने का प्रस्ताव भी बोर्ड बैठक में अनुमोदित किया गया। प्रस्तावित परियोजना में लगभग 12 मीटर व्यास वाला डिजिटल प्लैनेटेरियम डोम शामिल है। इसके माध्यम से दर्शकों को तारामंडल,ग्रहों, आकाशगंगाओं और ब्रह्मांड की विभिन्न घटनाओं का दृश्यात्मक एवं अनुभवात्मक प्रदर्शन दिखाने की परिकल्पना की गई है। विज्ञान पार्क में छह विषयगत दीर्घाएं प्रस्तावित हैं। इनमें अंतरिक्ष एवं ब्रह्मांड, भू-विज्ञान, जीवन का विकास, भारतीय वैज्ञानिक परंपरा, जलवायु और पर्यावरण जैसे विषयों को रोचक और संवादात्मक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। इस परियोजना से विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों को विज्ञान को करीब से समझने का अवसर मिलने की उम्मीद है। खास तौर पर स्कूली विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा, प्रयोगात्मक सीख और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिहाज से इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
