वजीरगंज के फतेह नगला गांव में खेत पर हुआ विवाद, बचाने पहुंचे ग्रामीणों पर भी हमले का आरोप; पुलिस ने भीड़ से छुड़ाकर आरोपी को हिरासत में लिया
बदायूं: जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के फतेह नगला गांव में मंगलवार दोपहर पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि अवनीश नाम के व्यक्ति ने करीब 45 वर्षीय खेमकरन पर ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे ग्रामीणों पर भी हमला किए जाने का आरोप है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया, उसकी पिटाई की और पेड़ से बांध दिया। सूचना पर तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर गिरफ्तार कर लिया।
खेत पर काम करते समय हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, फतेह नगला गांव निवासी खेमकरन मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे खेत में छास छील रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले के ही अवनीश से उनका विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि कहासुनी के दौरान गाली-गलौज का विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान अवनीश ने ईंट उठाकर खेमकरन पर हमला कर दिया। वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण उन्हें बचाने पहुंचे, लेकिन आरोप है कि हमलावर ने उन पर भी हमला कर दिया।
ईंट से हमले में खेमकरन की मौत
हमले में खेमकरन गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी फैलते ही गांव में हंगामा मच गया। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी अवनीश को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद उसे पेड़ से बांध दिया गया। घटना और आरोपी को बंधक बनाए जाने की सूचना से गांव में तनाव की स्थिति बन गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
तीन थानों की पुलिस पहुंची, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही वजीरगंज के साथ बिसौली और बिल्सी थाने की पुलिस भी गांव पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से आरोपी को छुड़ाकर अपनी हिरासत में ले लिया। मौके पर पहुंचे एसपी देहात डॉ. ह्रदेश कठेरिया और सीओ बिल्सी ने मृतक के परिजनों से बातचीत की। अधिकारियों ने परिवार को मामले में कठोर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
परिजनों ने तीन लोगों पर लगाया हत्या का आरोप
मृतक के भतीजे कृष्णपाल ने आरोप लगाया कि हत्या की वारदात में अवनीश के अलावा दो अन्य लोग भी शामिल थे। परिजनों का दावा है कि दोनों आरोपी घटना के बाद फरार हो गए हैं। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि शराब के नशे में हमला किया गया। उनका कहना है कि जब वे खेमकरन को बचाने पहुंचे तो उनके सिर पर भी ईंट से वार किया गया। पुलिस ने फिलहाल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और मामले में अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
एसपी देहात बोले- मामले की जांच जारी
एसपी देहात डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि ईंट-पत्थर से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या की गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस अब परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच करेगी। घटना के बाद गांव में पुलिस सतर्कता बरत रही है।
