शीशगढ़ के गोकुलपुर गांव में दावत के दौरान विवाद,आरोपी पर गले में चाकू मारने का आरोप,परिजनों ने बनाया बंधक
बरेली : यूपी के बरेली जिले में जन्मदिन की दावत के दौरान विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना सामने आई है। शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गोकुलपुर गांव में कथित तौर पर भाई के साथ हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे युवक के गले पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस की मदद से अस्पताल भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
दावत में विवाद के बाद मारपीट, बीच-बचाव करने पहुंचे अर्जुन
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान अर्जुन उर्फ पंकज निवासी ग्राम गोकुलपुर के रूप में हुई है।बताया गया कि घटना वाली शाम करीब नौ बजे गांव में जन्मदिन की दावत चल रही थी। इसी दौरान अर्जुन के भाई हरदेव और गांव के ही विशाल कोरी के बीच दावत में खाना खाने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। इसी बीच अर्जुन मौके पर पहुंचा और अपने भाई को बचाने के लिए बीच-बचाव करने लगा। आरोप है कि इस दौरान नशे में धुत विशाल कोरी ने अर्जुन के गले पर चाकू से वार कर दिया।
गले पर चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हुआ युवक
चाकू लगने से अर्जुन गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसके गले से काफी खून बहने लगा।घटना के बाद जन्मदिन की दावत में अफरा -तफरी मच गई। परिजन घायल अर्जुन को लेकर थाने पहुंचे। वहां से पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए उसे उपचार के लिए बरेली भेजने की व्यवस्था की, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
आरोपी को परिजनों ने बनाया बंधक, छुड़ाने में पुलिस को करना पड़ा बल प्रयोग
इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने कथित आरोपी विशाल कोरी को चाकू समेत पकड़कर बंधक बना लिया।सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया।बताया गया कि इस दौरान पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
सीओ समेत तीन थानों की पुलिस पहुंची, गांव में तैनाती
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना को लेकर परिजनों में आक्रोश फैल गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीओ बहेड़ी डॉ. अरुण कुमार समेत तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को समझाया और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। खबर लिखे जाने तक गांव में भारी पुलिस बल तैनात था।पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
