बरेली : यूपी के बरेली देहात के फरीदपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक और मार्मिक घटना घटी। घरेलू विवाद के बाद एक 20 वर्षीय मां ने अपने डेढ़ साल के बेटे को सीने से लगाकर ट्रेन के आगे खड़ी हो गई। ट्रेन की स्पीड (गति) अधिक थी। लोको पायलट ने ब्रेक लगाया, लेकिन ट्रेन नजदीक होने के कारण महिला और उसका बच्चा लोको (रेल इंजन) की चपेट में आ गया। इस हृदयविदारक हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की बहन ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या बताते हुए पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
सुबह-सुबह विवाद, फिर मातृत्व का ऐसा अंत
फतेहगंज पूर्वी के गांव तरा खास निवासी भूपेंद्र की शादी जून 2022 में करनपुर कला की अंगूरी से हुई थी। दोनों का एक डेढ़ साल का बेटा अजय था। भूपेंद्र मजदूरी कर परिवार चलाता था। सोमवार को दंपती के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई। जिसके बाद नाराज़ अंगूरी अपने मासूम को गोद में लेकर घर से निकल गई। करीब आठ बजे वह द्वारकेश शुगर मिल के पास रेलवे फाटक पर पहुंची। उसने वहां शाहजहांपुर की ओर से तेज़ रफ्तार ट्रेन आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंगूरी ने बेटे के साथ ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार में मातम, बहन ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका की बहन रेखा का दावा है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या है। उसका कहना है कि भूपेंद्र ने अंगूरी और उसके बेटे को ट्रेन के सामने धक्का देकर जान से मारा है। हालांकि, पुलिस को शाम तक कोई औपचारिक तहरीर नहीं सौंपी गई थी। फरीदपुर थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच की जाएगी।
गांव में पसरा सन्नाटा, हर आंख नम
इस हृदयविदारक घटना के बाद करनपुर कला और तरा खास गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण स्तब्ध हैं और मांग कर रहे हैं कि यदि यह हत्या है, तो दोषी को सज़ा मिलनी चाहिए। वहीं, यह घटना समाज में मानसिक स्वास्थ्य और घरेलू तनावों की गंभीरता पर भी सवाल खड़े करती है।
जानें क्या बोले फरीदपुर इंस्पेक्टर
इंस्पेक्टर फरीदपुर ने “The Justice Hindi” को बताया कि ट्रेन के लोको पायलट (ड्राइवर) से घटना के बाद बात की थी। लोको पायलट ने बताया कि महिला अचानक बच्चे के साथ ट्रेन के आगे खड़ी हो गई थी। जिसके चलते हादसा हो गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि वह पति के साथ बच्चे की दवा लेने जा रही थी। इस मामले में जांच पड़ताल के बाद कार्रवाई की जा रही है।
![]()
