13 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगा रूट डायवर्जन, छह प्रमुख चौराहों पर स्कूल बसों की आवाजाही प्रतिबंधित; सैटेलाइट बस अड्डे से चलेंगी रोडवेज बसें
बरेली: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 13 अक्टूबर को प्रस्तावित बरेली दौरे को लेकर यातायात पुलिस ने व्यापक रूट डायवर्जन की एडवाइजरी जारी की है। कार्यक्रम के मद्देनजर सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। रोडवेज बसों के मार्गों में भी बदलाव किया गया है। इस दौरान पुराना रोडवेज बस अड्डा बंद रहेगा और सभी रोडवेज बसों का संचालन सैटेलाइट बस अड्डे से किया जाएगा। यातायात पुलिस के अनुसार, परसाखेड़ा रोड नंबर एक, विल्वा पुल, लालपुर कट, विलयधाम, नवदिया झादा, ट्रांसपोर्ट नगर, रामगंगा तिराहा और बुखारा मोड़ से भारी वाहनों को शहर की ओर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।
दिल्ली, रामपुर और बदायूं जाने वाले भारी वाहनों का बदलेगा रास्ता
दिल्ली और रामपुर की ओर से बदायूं जाने वाले भारी वाहन झुमका तिराहे से बड़ा बाईपास होकर विल्वा, विलयधाम, नवदिया झादा, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज, देवचरा और भमौरा के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वापसी में भी इन्हीं मार्गों का इस्तेमाल करना होगा। नैनीताल और पीलीभीत रोड से बदायूं जाने वाले भारी वाहन भी विल्वा, विलयधाम और नवदिया झादा से निर्धारित वैकल्पिक मार्ग पर भेजे जाएंगे। दिल्ली और रामपुर से लखनऊ जाने वाले भारी वाहन झुमका तिराहे से बड़ा बाईपास होकर विल्वा, विलयधाम, फरीदपुर और फतेहगंज पूर्वी के रास्ते निकलेंगे। वहीं, लखनऊ से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन फरीदपुर और इन्वर्टिस तिराहे से होते हुए बड़ा बाईपास का इस्तेमाल करेंगे।
बदायूं से बरेली आने वाले वाहनों के लिए भी व्यवस्था
बदायूं से बरेली आने वाले भारी वाहन भमौरा, देवचरा चौराहा, दातागंज और फतेहगंज पूर्वी से इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर तक आ सकेंगे। दिल्ली जाने वाले वाहन यहां से बड़ा बाईपास के रास्ते आगे निकलेंगे। यातायात पुलिस ने भारी वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें और प्रतिबंधित रास्तों से शहर में प्रवेश करने की कोशिश न करें।
दिल्ली और रामपुर से आने वाली बसें इन रास्तों से पहुंचेंगी सैटेलाइट
दिल्ली और रामपुर से बरेली आने वाली रोडवेज बसें झुमका तिराहा, मिनी बाईपास, कर्मचारी नगर, इज्जतनगर तिराहा, आईवीआरआई रोड, आदिनाथ चौक स्थित डेलापीर तिराहा, सौ फुटा पश्चिमी, सौ फुटा पूर्वी और सुरेश शर्मा नगर होते हुए सैटेलाइट बस अड्डे पहुंचेंगी। वापसी में भी बसें इसी मार्ग से चलेंगी। पीलीभीत से आने वाली रोडवेज बसें विलयधाम, बैरियर नंबर-दो, सौ फुटा पूर्वी और सुरेश शर्मा नगर होते हुए सैटेलाइट बस अड्डे पहुंचेंगी। वापसी में भी यही रास्ता निर्धारित किया गया है।
बदायूं, शाहजहांपुर और लखनऊ की बसों के रूट भी तय
बरेली से बदायूं जाने वाली रोडवेज बसें सैटेलाइट बस अड्डे से इन्वर्टिस तिराहा, फतेहगंज पूर्वी, बुखारा मोड़ और देवचरा चौराहे होते हुए जाएंगी। वापसी में भी इन्हीं मार्गों से सैटेलाइट पहुंचेंगी।शाहजहांपुर और लखनऊ से बरेली आने वाली रोडवेज बसें इन्वर्टिस तिराहे से होते हुए सैटेलाइट बस अड्डे पहुंचेंगी। यहां से अपने गंतव्य के लिए रवाना होने वाली बसें भी निर्धारित मार्ग का इस्तेमाल करेंगी। यात्रियों के लिए जरूरी बात: मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान पुराना रोडवेज बस अड्डा संचालित नहीं होगा। यात्रियों को बस पकड़ने और यात्रा की योजना बनाने से पहले सैटेलाइट बस अड्डे पहुंचने की व्यवस्था करनी होगी।
छह प्रमुख चौराहों पर स्कूल बसों की आवाजाही प्रतिबंधित
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सभी प्रकार की स्कूल बसों का चौपला चौराहा, चौकी चौराहा, कचहरी तिराहा, सर्किट हाउस चौराहा, पटेल चौक और गांधी उद्यान की ओर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य कार्यक्रम के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखना और प्रमुख मार्गों पर भीड़ को नियंत्रित करना है।
ट्रैफिक पुलिस की शहरवासियों से अपील
एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने शहरवासियों से अपील की है कि वे रूट डायवर्जन का पालन करें और यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। वाहन चालक प्रतिबंधित रास्तों पर जाने से बचें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यह बदलाव किया गया है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपने मार्ग की जानकारी कर लें, ताकि उन्हें जाम या रास्ता बंद होने के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े।
