एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय डोहरा रोड जंक्शन पर प्रस्तावित है ‘नाथ ज्ञान ज्योति चौक’, आध्यात्मिक विरासत और आधुनिक शहरी विकास का दिखेगा संगम
बरेली: यूपी के बरेली की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को आधुनिक शहरी विकास से जोड़ने की दिशा में बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने एक नई पहल की परिकल्पना की है।एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय क्षेत्र और रामगंगा नगर की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों के संगम पर ‘नाथ ज्ञान ज्योति चौक’ विकसित करने का प्रस्ताव है। इस चौक की अवधारणा बरेली के सात नाथ मंदिरों की धार्मिक परंपरा को ज्ञान, साधना, शक्ति और विकास के भाव से जोड़ने पर आधारित होगी। बरेली विकास प्राधिकरण के अनुसार, विश्वविद्यालय जंक्शन को नए। स्वरूप में विकसित करने की यह परिकल्पना शहर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक शहरी पहचान से जोड़ने के उद्देश्य से तैयार की गई है।
सात नाथ मंदिरों की सात ऊर्जा धाराएं होंगी केंद्र में
प्रस्तावित चौक की सबसे खास विशेषता इसकी केंद्रीय संरचना होगी। इसमें सात ऊर्ध्वमुखी ऊर्जा स्तंभ सात नाथ मंदिरों का प्रतीक होंगे। डिजाइन की परिकल्पना के अनुसार ये सातों ऊर्जा धाराएं ऊपर जाकर एक ‘ज्ञान ज्योति’ में एकाकार होती दिखाई देंगी। इस अवधारणा के जरिए नाथ परंपरा की आध्यात्मिक ऊर्जा को ज्ञान और आधुनिक विकास से जोड़ने का संदेश देने की योजना है। “ज्ञान से साधना, साधना से शक्ति और शक्ति से विकास” को चौक की मूल अवधारणा का हिस्सा बनाया गया है।
ज्ञान को बनाया गया केंद्रीय भाव
विश्वविद्यालय के निकट प्रस्तावित होने के कारण चौक की पूरी अवधारणा में ज्ञान को केंद्रीय भाव दिया गया है। डिजाइन में कमल के आधार से उठती सात ऊर्जा धाराओं को शीर्ष पर ज्ञान ज्योति से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही हरित क्षेत्र, पुष्पीय सौंदर्य, जल तत्व और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था के जरिए चौक को एक विशिष्ट शहरी स्वरूप देने की परिकल्पना है।
बरेली की विरासत और आधुनिक विकास का होगा संगम
BDA की योजना का उद्देश्य शहर के प्रमुख स्थलों को उनकी धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान से जोड़कर विकसित करना है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय जंक्शन को ‘नाथ ज्ञान ज्योति चौक’ के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई है। BDA के अनुसार, यह परियोजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप बरेली को आधुनिक, सुनियोजित और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ा शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी।
BDA उपाध्यक्ष ने क्या कहा?
बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय ने कहा कि बरेली की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को आधुनिक शहरी विकास के साथ जोड़ना प्राथमिकता है। उनके अनुसार, ‘नाथ ज्ञान ज्योति चौक’ में सात नाथ मंदिरों की प्रतीकात्मक ऊर्जा धाराओं को ज्ञान ज्योति के माध्यम से एक सूत्र में पिरोने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि यह अवधारणा बरेली की समृद्ध विरासत और भविष्य के विकास के समन्वय का प्रतीक बन सकती है।
