चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर तीन मंजिला अस्थाई इमारत में लगी आग, करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद दमकल टीम ने पाया काबू; दो मजदूर घायल
लखनऊ: चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट परिसर स्थित टाटा प्रोजेक्ट्स कंपनी के अस्थाई लेबर कैंप में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। आग लगने के समय कैंप में करीब 300 मजदूर मौजूद थे। देखते ही देखते आग ने तीन मंजिला पीवीसी से बनी अस्थाई इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। आग के कारण कैंप में अफरा-तफरी मच गई। घटना एयरपोर्ट टर्मिनल से करीब 300 मीटर और मुख्य रनवे से लगभग 100 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गईं। हालांकि, आग का विमान संचालन पर कोई खास असर नहीं पड़ा।
खाना बनाते समय बैरक नंबर 9 में भड़की आग
बताया गया कि एयरपोर्ट पर एक नए होटल के निर्माण में लगी टाटा प्रोजेक्ट्स कंपनी ने मजदूरों के रहने के लिए तीन मंजिला अस्थाई भवन बनाया था। इसी भवन में करीब 300 श्रमिक रह रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे बैरक नंबर 9 में खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने पूरी पीवीसी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।आग इतनी विकराल थी कि करीब दो किलोमीटर दूर से ही आसमान में काले धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दे रहा था।
एयरपोर्ट के रनवे के पास आग से मचा हड़कंप
लेबर कैंप मुख्य टर्मिनल से करीब 300 मीटर और रनवे से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित था। ऐसे में आग की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ गई।हालांकि, राहत की बात यह रही कि आग की घटना से विमानों के संचालन पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ा।
9 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
सरोजनी नगर फायर स्टेशन को सुबह करीब पौने सात बजे आग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही शुरुआती तौर पर दो दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। बाद में कुल नौ दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर बुलाया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान की कमान संभाली। दमकल कर्मियों ने पहली और दूसरी मंजिल तक पहुंचकर पानी की बौछारों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
आग बुझाते समय फटे दो गैस सिलेंडर
आग बुझाने के दौरान लेबर कैंप में रखे दो घरेलू गैस सिलेंडरों में जोरदार धमाका हो गया। सिलेंडर फटने से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और बढ़ गई। इसके बावजूद अग्निशमन कर्मियों ने मोर्चा संभाले रखा। करीब 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग की लपटों पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
भागते समय दो मजदूर घायल
आग लगते ही कैंप में मौजूद ज्यादातर मजदूर समय रहते बाहर निकल आए। गनीमत रही कि आग की लपटों से कोई मजदूर झुलसा नहीं। हालांकि, बाहर निकलते समय भागने की कोशिश में दो मजदूर गिरकर घायल हो गए। घायलों की पहचान बिहार के सहरसा निवासी निर्मल और प्रतापगढ़ के साल्हीपुर निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है। दोनों का प्राथमिक उपचार कराया गया।
बड़ा हादसा टला
लेबर कैंप में करीब 300 मजदूरों की मौजूदगी और एयरपोर्ट के रनवे के बेहद करीब आग लगने के बावजूद बड़ा हादसा टल गया। दमकल टीम की त्वरित कार्रवाई से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों और अस्थाई लेबर कैंप में सुरक्षा इंतजामों को लेकर संबंधित अधिकारियों की ओर से जांच की जा रही है।
