प्रेस कॉन्फ्रेंस में तंजीन फातिमा ने मुलाकात को राजनीतिक रंग देने पर जताई आपत्ति, कहा- चुनाव, सीट बंटवारे और टिकट पर नहीं हुई कोई चर्चा
रामपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से बुधवार को हुई मुलाकात को लेकर आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा ने सोमवार को सफाई दी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव से उनकी मुलाकात हुई थी, लेकिन यह पूरी तरह निजी मसलों को लेकर थी। मुलाकात के दौरान चुनाव, सीट बंटवारे या प्रत्याशियों को टिकट देने जैसे किसी राजनीतिक विषय पर कोई चर्चा नहीं हुई।
अखिलेश से मुलाकात को राजनीतिक रंग देना ठीक नहीं
तंजीन फातिमा ने कहा कि अखिलेश यादव से हुई मुलाकात को राजनीति से जोड़कर देखना सही नहीं है। उन्होंने उस खबर पर भी सवाल उठाया, जिसमें मुलाकात को राजनीतिक चर्चा से जोड़कर पेश किया गया था। उन्होंने कहा कि जिस अखबार ने यह खबर प्रकाशित की है, उसे यह बताना चाहिए कि खबर के लिए जिन विश्वस्त सूत्रों का हवाला दिया गया है, वे आखिर कौन हैं।
अखिलेश को खत भेजने की खबर पर भी सफाई
जेल से भेजे गए कथित खत में 15 सीटों पर प्रत्याशी उतारने को लेकर अखिलेश यादव पर दबाव बनाने की चर्चाओं पर भी तंजीन फातिमा ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव उनकी औलाद की तरह हैं। ऐसे में अपनी औलाद को खत लिखकर प्रत्याशी खड़े करने का दबाव डालने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने साफ किया कि उनकी ओर से अखिलेश यादव को ऐसा कोई खत नहीं भेजा गया है।
स्वामी प्रसाद मौर्य से मुलाकात भी बताई निजी
तंजीन फातिमा ने अपनी जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य से हुई मुलाकात पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह मुलाकात शिष्टाचार और पारिवारिक कारणों से हुई थी। उन्होंने कहा कि उनकी अलग-अलग लोगों से होने वाली मुलाकातों को राजनीतिक मायने देना उचित नहीं है।
जौहर यूनिवर्सिटी की जांच पर क्या बोलीं तंजीन फातिमा?
जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मामलों में चल रही जांच को लेकर तंजीन फातिमा ने कहा कि आयकर विभाग, प्रवर्तन निदेशालय और अन्य जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि परिवार की ओर से जांच में पूरा सहयोग किया जा रहा है। तंजीन फातिमा ने एक बार फिर कहा कि उनकी मुलाकातों को राजनीतिक रंग देने के बजाय उन्हें निजी संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
