सेक्टर-94 की सुपरनोवा सोसायटी में 19 वर्षीय युवक की मौत, छलांग लगाने से पहले लोगों और एसी मैकेनिक ने बचाने की कोशिश की
नोएडा: नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसायटी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गुरुग्राम के मानेसर निवासी 19 वर्षीय युवक संभव जैन की 43वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना से पहले युवक को बचाने की कोशिश का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ लोग और एसी मैकेनिक उसे समझाते और नीचे उतरने के लिए कहते नजर आ रहे हैं।
आखिरी पलों में लोगों ने बचाने की कोशिश की
सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक को बचाने के लिए मौके पर मौजूद लोग लगातार उससे नीचे उतरने की अपील कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बचाने की कोशिश के दौरान युवक ने कहा था, ‘नहीं गिर रहा सर…।’ हालांकि, कुछ ही देर बाद युवक ने छलांग लगा दी। पूरी घटना पास में मौजूद एक केयरटेकर के कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो सामने आने के बाद घटना के आखिरी पलों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
एक दिन के लिए कमरे में ठहरने आया था युवक
मृतक की पहचान संभव जैन, पुत्र विनय कुमार जैन, निवासी मानेसर, गुरुग्राम के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, युवक सुपरनोवा सोसायटी की स्पायरा इमारत के एक कमरे में एक दिन के लिए अकेले ठहरने आया था। बताया जा रहा है कि संभव बालकनी की रेलिंग से लटक गया और इसके बाद नीचे गिर गया। 43वीं मंजिल से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कमरे, बालकनी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले युवक के साथ क्या गतिविधियां हुई थीं।
मानसिक तनाव की बात सामने आई
पुलिस की शुरुआती जांच और आसपास के लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, संभव जैन कुछ समय से मानसिक तनाव में था। हालांकि, उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
