चिटौली गांव में सुबह 6:30 बजे पहुंची टीम, पीएमएलए की धार 17 के तहत हुई तलाशी, पोशाकी लाल ने अपने नाम से फर्जी बैंक खाता खोलकर लेनदेन का लगाया आरोप
बरेली : यूपी के बरेली देहात के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के चिटौली गांव में बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने परचून दुकानदार पोशाकी लाल मौर्य के घर पर लंबी तलाशी कार्रवाई की। सुबह करीब 6:30 बजे पहुंची टीम ने घर की तलाशी लेने के साथ दो मोबाइल फोन और बैंकिंग से जुड़े दस्तावेज कब्जे में लिए। कार्रवाई के दौरान पोशाकी लाल का बयान भी दर्ज किया गया। ईडी की टीम के पहुंचने के समय पोशाकी लाल घर पर मौजूद नहीं थे। उनकी पत्नी भूरी ने अधिकारियों को बताया कि वह सुबह की सैर के लिए गए हैं। उनके वापस लौटने के बाद अधिकारियों ने तलाशी आदेश दिखाया और करीब आठ बजे तलाशी की कार्रवाई शुरू की।
कमरों से लेकर स्टोर तक ली गई तलाशी
सहायक निदेशक शरद कांत शर्मा के नेतृत्व में टीम ने घर के कमरों, हॉल, स्टोर समेत पूरे परिसर की तलाशी ली। इस दौरान रियलमी और सैमसंग के दो मोबाइल फोन जब्त किए गए।
इसके अलावा बंधन बैंक खाते से जुड़ी दो नकद जमा पर्चियां, पैन कार्ड की प्रति और भारतीय स्टेट बैंक के डेबिट कार्ड से संबंधित दस्तावेज भी टीम ने कब्जे में लिए। जमा पर्चियां 5 अगस्त और 2 सितंबर 2026 की बताई गई हैं।
PMLA के तहत दर्ज किया गया बयान
तलाशी कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 की धारा 17 के तहत पोशाकी लाल का बयान दर्ज किया। कार्रवाई दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में किए जाने की जानकारी दी गई है। बताया गया कि तलाशी के दौरान किसी व्यक्ति या निजी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचा। कार्रवाई देर रात तक चली।
पोशाकी लाल ने लगाया फर्जी बैंक खाते का आरोप
तलाशी के अगले दिन पोशाकी लाल ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उनकी जानकारी और अनुमति के बिना उनके नाम से फर्जी बैंक खाता खोला गया और उसमें लेनदेन किया गया। उनका कहना है कि उन्हें इस खाते और कथित लेनदेन की जानकारी नहीं थी। पोशाकी लाल के मुताबिक, ईडी की टीम कुछ दस्तावेज देकर गई है और जरूरत पड़ने पर उन्हें दिखाने को कहा गया है।फिलहाल कथित फर्जी बैंक खाते और उससे हुए लेनदेन को लेकर जांच जारी है। ईडी की कार्रवाई के आधार और जांच के अंतिम निष्कर्ष को लेकर आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
