बरेली : यूपी के बरेली शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र के गोबिंदापुर गांव में उस समय मातम छा गया, जब सऊदी अरब से 26 वर्षीय युवक की मौत की खबर घर पहुंची। गांव निवासी मुज्जमिल के बेटे अकलीम खान की सऊदी अरब के रियाद में मौत हो गई।परिजनों के मुताबिक, अकलीम की मौत हार्ट अटैक से हुई।अकलीम सऊदी अरब में रहकर प्लंबर का काम करता था।परिवार से उसकी बातचीत होती रहती थी। घरवाले उसके वापस लौटने का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच उसकी मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घर में चल रही थी शादी की बात
अकलीम खान अविवाहित था और परिवार उसके लिए रिश्ता तलाश रहा था। परिजनों को उम्मीद थी कि सऊदी अरब से वापस लौटने के बाद उसकी शादी की बात आगे बढ़ेगी और जल्द ही घर में खुशियां आएंगी।अकलीम के परिजनों ने बताया कि उसके लिए रिश्ता देख रहे थे। घरवालों को उसके वापस आने का इंतजार था, लेकिन अचानक उसकी मौत की खबर ने परिवार को गहरा सदमा दिया।
सऊदी अरब से शव लाने की प्रक्रिया शुरू
अकलीम की मौत के बाद उसके शव को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परिजनों के मुताबिक, सऊदी अरब में आवश्यक कागजी कार्रवाई की जा रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब दो दिन में शव के भारत पहुंचने की उम्मीद है। शव भारत आने के बाद उसे बरेली के सीबीगंज क्षेत्र स्थित पैतृक गांव गोबिंदापुर लाया जाएगा। परिजनों के अनुसार, गांव में ही शव को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
अकलीम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रिश्तेदार और गांव के लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। जिस बेटे के घर लौटने और शादी के बाद नई जिंदगी शुरू करने का परिवार इंतजार कर रहा था, अब उसी के शव के लौटने का इंतजार है। परिवार के लिए यह खबर गहरे सदमे के रूप में सामने आई है।
