लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में रातभर हंगामे के बाद 28 सितंबर से 10 दिन के लिए नियमित कक्षाएं स्थगित, छात्रों ने 15 घंटे से ज्यादा समय तक NH-44 किया था जाम
फगवाड़ा: पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में छात्रों के हिंसक विरोध प्रदर्शन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। विश्वविद्यालय ने 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए नियमित कक्षाएं स्थगित कर दी हैं। प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाओं की भी जानकारी सामने आई है। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
हिंसक प्रदर्शन के बाद 10 दिन के लिए कक्षाएं बंद
छात्रों के विरोध और रातभर चले हंगामे के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने नियमित कक्षाएं स्थगित करने का फैसला लिया है। छात्रों को 10 दिनों की छुट्टी दी गई है। घर लौट रहे एक छात्र ने बताया कि कॉलेज प्रशासन के साथ बातचीत में उन्हें जानकारी मिली कि कंप्यूटर साइंस की इमारत में तोड़फोड़ की गई और अंदर आग भी लगाई गई। इससे भवन को काफी नुकसान हुआ है। छात्र का कहना था कि 10 दिन की छुट्टी तो दे दी गई है, लेकिन इतने कम समय में सब कुछ ठीक हो पाना मुश्किल है।
छात्र ने बताया- रातभर के हंगामे से सहमे हुए थे
घर जा रहे छात्र ने बताया कि अब परिसर में स्थिति शांत है और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली है। हालांकि, उसके मुताबिक रात में जिस तरह का हंगामा हुआ, उससे छात्र काफी डरे हुए थे। छात्र ने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान लड़कों के छात्रावास में प्रवेश करने और लड़कियों के छात्रावास में भी लड़कों के घुसने की बात सामने आई। इसके अलावा परिसर में काफी तोड़फोड़ हुई। छात्र के मुताबिक, इन घटनाओं के बाद विश्वविद्यालय परिसर में रहने वाले छात्र काफी सहमे हुए थे।
NH-44 पर 15 घंटे बाद यातायात बहाल
छात्रों के विरोध प्रदर्शन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर भी यातायात प्रभावित हुआ था। छात्रों ने कथित तौर पर 15 घंटे से अधिक समय तक हाईवे को रोक रखा था। पुलिस के मुताबिक अब NH-44 पर यातायात बहाल कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है। प्रदर्शन के कारण लंबे समय तक हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
विश्वविद्यालय और आसपास इंटरनेट बंद होने की भी खबर
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी और आसपास के इलाकों में इंटरनेट सेवा बंद किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, इंटरनेट सेवा बंद किए जाने के कारणों और इसकी अवधि को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। हिंसक प्रदर्शन के बाद पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और विश्वविद्यालय परिसर में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
फिलहाल परिसर में स्थिति नियंत्रण में
हिंसक विरोध प्रदर्शन और तोड़फोड़ के बाद अब विश्वविद्यालय परिसर में स्थिति शांत बताई जा रही है। पुलिस ने भी स्थिति नियंत्रण में होने की बात कही है। दूसरी ओर, 10 दिनों के लिए नियमित कक्षाएं स्थगित होने के बाद छात्र अपने-अपने घर लौट रहे हैं। अब विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने परिसर में हुई क्षति की मरम्मत कराने और छात्रों के बीच सुरक्षा का भरोसा बहाल करने की चुनौती है।
