सुभाषनगर के करेली और कैंट के बुखारा में बिना स्वीकृत मानचित्र के हो रही थी प्लॉटिंग, सड़क -नाली और बाउंड्रीवाल का काम
बरेली : यूपी के बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने थाना सुभाषनगर और थाना कैंट क्षेत्र में दो अवैध कॉलोनियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। BDA के मुताबिक दोनों स्थानों पर प्राधिकरण की स्वीकृति के बिना प्लॉटिंग और कॉलोनी विकसित करने का काम किया जा रहा था।
करेली में 3000 वर्गमीटर में हो रही थी प्लॉटिंग
BDA के मुताबिक शहर के थाना सुभाषनगर क्षेत्र के ग्राम करेली में बब्लू पटेल, और वीरेश साहू आदि द्वारा करीब 3000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बिना विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के कॉलोनी विकसित करने का काम किया जा रहा था।प्राधिकरण के मुताबिक मौके पर भूखंडों का चिन्हांकन करने के साथ-साथ सड़क और बाउंड्रीवाल आदि का निर्माण कराया जा रहा था। BDA की प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध कॉलोनी के विकास कार्य के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
बुखारा में 6000 वर्गमीटर में कॉलोनी विकसित करने का आरोप
दूसरी कार्रवाई थाना कैंट क्षेत्र के ग्राम बुखारा, आईटीबीपी के सामने की गई। BDA के अनुसार यहां पोषाकी लाल शर्मा उर्फ पंडित जी द्वारा करीब 6000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बिना स्वीकृति के कॉलोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण के मुताबिक यहां भूखंडों का चिन्हांकन करने के साथ सड़क, नाली और बाउंड्रीवाल आदि का निर्माण कराया जा रहा था। BDA की प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण/विकास कार्य को ध्वस्त करने की कार्रवाई की।
करीब 9 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में कार्रवाई
BDA की ओर से जारी जानकारी के अनुसार दोनों स्थानों को मिलाकर करीब 9000 वर्गमीटर क्षेत्र में अवैध कॉलोनी के विकास कार्य के खिलाफ कार्रवाई की गई है। प्राधिकरण ने यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की संबंधित धाराओं के तहत किए जाने की जानकारी दी है।
BDA ने नागरिकों को किया सावधान
बरेली विकास प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी जमीन या भूखंड की खरीदारी करने से पहले उसकी वैधता और मानचित्र स्वीकृति की स्थिति की जांच जरूर करें। BDA के मुताबिक, उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 के तहत किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लॉटिंग करने से पहले प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराना आवश्यक है। बिना स्वीकृत मानचित्र के किया गया निर्माण या प्लॉटिंग अवैध मानी जा सकती है और उसके खिलाफ ध्वस्तीकरण समेत नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
प्लॉट खरीदने से पहले जांच जरूरी
प्राधिकरण ने लोगों से कहा है कि भवन या भूखंड खरीदने से पहले मानचित्र की स्वीकृति और संबंधित विकास कार्य की वैधता की पुष्टि जरूर करें। इससे भविष्य में अवैध कॉलोनी में जमीन खरीदने के कारण होने वाली परेशानी से बचा जा सकता है। BDA ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृति के की जा रही प्लॉटिंग और निर्माण गतिविधियों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।
