करनाल सिटी थाने में दर्ज है मुकदमा, आरोपी की तलाश में शीशगढ़ के मोहम्मदपुर गांव पहुंची हरियाणा पुलिस
बरेली : हरियाणा के करनाल में विदेश भेजने के नाम पर कथित तौर पर 24 लाख रुपये की ठगी के मामले में फरार चल रहे आरोपी की तलाश में सोमवार को हरियाणा पुलिस ने बरेली के शीशगढ़ क्षेत्र में दबिश दी। आरोपी के घर पर नहीं मिलने के बाद पुलिस टीम ने उसके मकान पर नोटिस चस्पा किया और वापस लौट गई। जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के करनाल सिटी थाने में दर्ज मुकदमे में थाना शीशगढ़ क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर निवासी साहिर खान ताजवर पुत्र वकार खान ताजवर को आरोपी बनाया गया है।
एक साल पहले की थी ठगी
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में करनाल निवासी अनमोल पुत्र श्याम सुंदर को विदेश भेजने के नाम पर 24 लाख रुपये लिए जाने का आरोप है। आरोपी की तलाश में मोहम्मदपुर पहुंची हरियाणा पुलिस सोमवार को करनाल सिटी पुलिस के एएसआई बलराम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में गांव मोहम्मदपुर पहुंची। टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को जांच में शामिल होने और पुलिस के समक्ष उपस्थित होने के लिए उसके घर पर नोटिस चस्पा किया।
2025 में दर्ज हुआ था मुकदमा
विवेचक एएसआई बलराम सिंह के मुताबिक, आरोपी साहिर खान ताजवर के खिलाफ करनाल सिटी थाने में वर्ष 2025 में विदेश भेजने के नाम पर 24 लाख रुपये की कथित ठगी को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस के अनुसार, मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा है। हरियाणा पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को उसके पैतृक गांव में दबिश दी गई। आरोपी के नहीं मिलने पर उसके घर पर नोटिस चस्पा किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की कार्रवाई आरोपी की गिरफ्तारी और जांच की प्रगति के आधार पर की जाएगी।
