बरेली : शहर के किला नदी में नवजात बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। लीची बाग के पास स्थानीय लोगों ने नदी में नवजात का शव तैरता देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने शव को नदी से बाहर निकालकर प्लास्टिक के बोरे पर रख दिया था। स्थानीय लोगों के अनुसार, शव नदी में बहता हुआ दिखाई दिया था। बाहर निकाले जाने के बाद उसकी पहचान नवजात बच्ची के रूप में हुई। शव की हालत काफी खराब थी और शरीर के कई हिस्सों को मछलियों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की बात सामने आई है। एक पैर का काफी हिस्सा और दोनों हाथों के पंजे भी नहीं मिले।
शव कई दिन पुराना होने की आशंका
पुलिस के अनुसार, शव फूलने के कारण प्रथम दृष्टया उसके कुछ दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, नवजात की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम के बाद ही हो सकेगी।
नदी में कैसे पहुंचा शव, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात का शव नदी में कहां से आया और उसे किसने वहां छोड़ा। बच्ची को नदी में फेंका गया था या वह मृत पैदा हुई थी, इस संबंध में भी पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। बच्ची की मौत का कारण और उसकी पहचान से जुड़े तथ्यों को सामने लाने के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों की जानकारी जुटा रही है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी
