हरि मंदिर जाते समय झपट्टा मारकर छीने थे दोनों कुंडल, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
बरेली : शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में महिला से कुंडल छीनने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर तीन आरोपितों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी। उसको उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने तीनों आरोपितों के कब्जे से महिला से छीने गए दो कुंडल, दो अवैध तमंचे, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की एक बाइक बरामद की है।
हरि मंदिर जाते समय महिला से कुंडल की छिनैती
पुलिस के अनुसार संजयनगर निवासी पूनम अपनी बेटी और पड़ोसन के साथ 9 सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे माडल टाउन स्थित हरि मंदिर जा रही थीं। वह माडल टाउन गेट के पास पहुंची थीं, तभी पीछे से आए एक युवक ने झपट्टा मारकर उनके दोनों कानों के कुंडल छीन लिए घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और बदमाशों की तलाश में टीमें लगाई गईं।
भरतौल रोड पर पुलिस को दिखे तीन संदिग्ध
पुलिस के मुताबिक 15 सितंबर को भरतौल रोड स्थित एफसीआई गोदाम के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को पल्सर बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार युवक रुकने के बजाय भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने पीछा करते हुए घेराबंदी शुरू कर दी।
बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक घायल
पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को पुलिस ने कांबिंग कर पकड़ लिया। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके से अवैध असलहा और कारतूस भी बरामद किए।
तीनों आरोपितों की हुई पहचान
पूछताछ में घायल आरोपित ने अपना नाम अजय मिश्रा, निवासी नई बस्ती मोहल्ला, फतेहगंज पूर्वी बताया। उसके दो साथियों की पहचान पिंटू मिश्रा और तरुण, निवासी फतेहगंज के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में तीनों आरोपितों ने महिला से कुंडल छीनने की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है।
पुलिस ने बरामद किया सामान
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों के पास से महिला से छीने गए दो कुंडल,दो अवैध तमंचे, कारतूस, बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक, बरामद की गई हैं। फिलहाल पुलिस तीनों के आरोपितों से पूछताछ कर रही है, और यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्होंने इससे पहले किसी अन्य छिनैती या लूट की वारदात को अंजाम दिया है या नहीं।
