एसपी चीफ ने कहा- नौकरी दे नहीं पा रहे, और महंगाई भी बेलगाम, मस्जिद,JPNIC और कानून-व्यवस्था को लेकर घेरा
बिधूना/औरैया : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को औरैया के बिधूना में भाजपा सरकार पर रोजगार, महंगाई, कानून-व्यवस्था, शिक्षा और सांप्रदायिक सौहार्द समेत कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा सरकार के अब 100 दिन से ज्यादा नहीं बचे हैं और सपा गठबंधन उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने जा रहा है।
सहारनपुर मस्जिद पर बोले – सोहार्द बिगाड़ रही है भाजपा, जनता देगी जवाब
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सहारनपुर में मस्जिद गिराए जाने के मामले पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार नौकरी और महंगाई जैसे मुद्दों पर काम नहीं कर पा रही है। इसलिए ऐसे मुद्दे सामने लाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने मस्जिद गिराने में भूमिका निभाई है।कानून उन्हें सजा देगा। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि संबंधित पक्ष को हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट जाने का अवसर दिए बिना इतनी जल्दी कार्रवाई क्यों की गई।
पराया धन कैसे अपना बनाया जाए, बीजेपी से अच्छा कौन जानता है,।।
भाजपा प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े से जुड़े सवाल पर अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला किया। उन्होंने ‘फोर एम’ का जिक्र करते हुए कहा कि “पराया धन कैसे अपना बनाया जा सकता है, यह बीजेपी से अच्छा कोई नहीं जानता।” उन्होंने राजनीतिक दलों के खातों में कथित तौर पर बड़ी रकम आने की खबरों का भी जिक्र किया और पूरे मामले की जांच की मांग की।
लोहिया-जयप्रकाश के विचारों से इन्हें कोई लेना-देना नहीं
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने लोहिया, जयप्रकाश नारायण और मुलायम सिंह यादव की समाजवादी विचारधारा का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी समाज बनाने की दिशा में काम किया गया, जबकि भाजपा सरकार पर उन्होंने JPNIC बेचने का आरोप लगाया। सोशल मीडिया पोस्ट में भी उन्होंने JPNIC के नाम को लेकर भाजपा पर निशाना साधा और स्वतंत्रता आंदोलन तथा स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान की बात कही।
नौकरी नहीं दे पा रहे, महंगाई नहीं रोक पा रहे
सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी है और युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों, चीनी के दाम और कथित मिलावट का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने भाजपा सरकार की ओर से बताए जा रहे GDP के आंकड़ों पर भी सवाल उठाया और दावा किया कि सरकार वास्तविक आर्थिक स्थिति नहीं बता रही है।
बेटियों के साथ सबसे ज्यादा घटनाएं हो रही हैं’
उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं और कई मामलों में पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार में अन्याय और भ्रष्टाचार चरम पर है तथा कमीशनखोरी का आरोप लगाया।
PDA पढ़ेगा भी, बढ़ेगा भी’, बंद स्कूलों को लेकर BJP पर हमला
‘पाठशाला पुकारे’ कार्यक्रम का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षा का मुद्दा गांव-गांव तक पहुंच रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार प्राथमिक स्कूल बंद कर रही है और गरीब बच्चों को शिक्षा से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि “PDA पढ़ेगा भी और बढ़ेगा भी” और स्कूल बंद करने को लेकर भाजपा पर निशाना साधा।
यूपी में वनस्पति चल रही है, पेट्रोल में मिलावट के आरोप पर तंज
पेट्रोल में कथित मिलावट के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि “यूपी में तो वनस्पति चल रही है, बदनाम हो गई है वनस्पति।” उन्होंने एथेनॉल, पेट्रोल की गुणवत्ता और किसानों को खाद-बीज तथा कीटनाशक उपलब्ध कराने को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।
राम मंदिर में चोरी को लेकर संविधान का जिक्र
राम और कृष्ण को एक बताते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि दोनों में कोई भेद नहीं है। उन्होंने राम मंदिर में चोरी के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई संविधान और कानून के तहत हो रही है। उन्होंने मंदिर के चढ़ावे और चंदे की कथित चोरी को लेकर भी भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए।
AI को लेकर भी भाजपा पर हमला
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने भाजपा पर AI के जरिए विपक्ष के खिलाफ कथित तौर पर गंदगी फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि AI का इस्तेमाल अच्छाई के लिए होना चाहिए, बुराई के लिए नहीं। उनका कहना था कि अगर भाजपा AI के जरिए वीडियो बनाएगी तो समाजवादी पार्टी भी उसका जवाब देगी।
गौरव रघुवंशी के निधन पर जताया दुख
बिधूना पहुंचने पर अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता गौरव रघुवंशी के निधन पर उनके परिजनों से मुलाकात कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने गौरव को पार्टी का जिम्मेदार कार्यकर्ता बताते हुए उनके निधन पर दुख जताया और कहा कि समाजवादी पार्टी ने एक जिम्मेदार कार्यकर्ता खो दिया।
काशी के जलभराव पर भी सोशल मीडिया से तंज
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने काशी में जलभराव को लेकर सोशल मीडिया पर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने काशी को स्मार्ट सिटी बनाने के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि गंगा, वरुणा और नालों की सफाई के बावजूद जलभराव की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए इसे ‘काशी के क्योटो में हुआ चमत्कार’ बताया और जलभराव की तस्वीरों को लेकर सरकार पर कटाक्ष किया।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
