बरेली : यूपी के बरेली में रविवार को मौसम ने करवट ली और सुबह से छाए घने बादलों के बीच शहर व आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुककर झमाझम बारिश हुई है। लगातार वर्षा से मौसम सुहाना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली।हालांकि, बारिश जहां राहत लेकर आई, वहीं कई निचले इलाकों और सड़कों पर जलभराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा। बारिश के चलते तापमान और उमस में कमी महसूस की गई तथा मौसम खुशनुमा हो गया।
सुभाषनगर, जगतपुर,और पुराना शहर समेत कई इलाकों में जलभराव
तेज बारिश के कारण सुभाष नगर,पुराना शहर, चंद्रपुरम और अन्य निचले मोहल्लों में पानी भर गया। कई सड़कों पर जलभराव होने से यातायात प्रभावित रहा। खासतौर पर दोपहिया वाहन चालकों को जलमग्न सड़कों से गुजरने में काफी दिक्कत हुई। कई स्थानों पर लोगों को पैदल निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा और जलभराव वाले रास्तों से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।
मौसमीय सिस्टम के असर से जारी है बारिश
एकीकृत मौसम पूर्वानुमान केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तरी-पश्चिमी मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के निकट एक संकेंद्रित निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय है। इस मौसमीय प्रणाली के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां बनी हुई हैं। इसका असर विशेष रूप से बरेली मंडल में भी देखने को मिल रहा है, जहां रुक-रुककर बारिश और बादलों की आवाजाही जारी है। मौसम में आए इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है, वहीं जलभराव ने नगर की जलनिकासी व्यवस्था की चुनौती भी एक बार फिर सामने ला दी है।
