मीरगंज में फरीदपुर का आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और नकदी बरामद, देहरादून तक जुड़े नशे के नेटवर्क की जांच तेज
बरेली : यूपी के बरेली से उत्तराखंड तक चल रहे कथित हेरोइन सप्लाई नेटवर्क के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई की है। मीरगंज थाना क्षेत्र में ANTF बरेली यूनिट ने एक आरोपी को 1 किलो 300 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार करने का दावा किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 2.60 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान जब्बार खां निवासी मोहनपुर, थाना फरीदपुर के रूप में हुई है।आरोपी कथित तौर पर हेरोइन की खेप लेकर देहरादून में सप्लाई करने जा रहा था, लेकिन इससे पहले ही ANTF टीम ने उसे मीरगंज क्षेत्र में पकड़ लिया।
परौरा कट पर ANTF ने घेरा, तलाशी में मिली हेरोइन
ANTF बरेली यूनिट को सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में हेरोइन की खेप बरेली से उत्तराखंड की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने मीरगंज क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान परौरा कट पर रेबिल हॉस्पिटल के सामने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर जब्बार खां को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1.3 किलो हेरोइन, एक मोबाइल फोन और 1,200 रुपये नकद बरामद होने की बात सामने आई है।
देहरादून पहुंचने से पहले आरोपी हिरासत में
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह अपने भाई के साथ मिलकर हेरोइन की सप्लाई करता था। ANTF के मुताबिक, दोनों कम कीमत पर हेरोइन खरीदकर उसे आगे देहरादून की पार्टियों तक पहुंचाते थे। जांच एजेंसी के अनुसार, शुक्रवार को जब्बार इसी खेप को लेकर देहरादून की ओर रवाना हुआ था। हालांकि, डिलीवरी से पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अब सप्लायर और खरीदार की तलाश
2.60 करोड़ रुपये की अनुमानित कीमत वाली हेरोइन कहां से लाई गई थी और देहरादून में इसे किसे सौंपा जाना था। अब जांच का प्रमुख केंद्र यही है। ANTF आरोपी के मोबाइल फोन और उसके संपर्कों की पड़ताल कर रही है। जांच में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आरोपी को हेरोइन उपलब्ध कराने वाला कौन था और आगे इसे खरीदने वाले लोग कौन-कौन हैं। आरोपी के भाई की भूमिका सामने आने के बाद जांच एजेंसी उसके संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। माना जा रहा है कि पूछताछ और मोबाइल डाटा की जांच से बरेली से उत्तराखंड तक चल रहे कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आ सकते हैं।
NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज
गिरफ्तार आरोपी जब्बार खां के खिलाफ मीरगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बरामद हेरोइन को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में ANTF बरेली यूनिट, मुख्यालय लखनऊ की सर्विलांस टीम और मीरगंज पुलिस शामिल रही।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
कार्रवाई ANTF बरेली यूनिट के प्रभारी उपनिरीक्षक विकास यादव के नेतृत्व में की गई। टीम में सौरभ चौधरी, अंकित यादव, कुश कुमार, रसविन्द्र चौधरी, नीरज चौधरी और महिला कांस्टेबल रिजवाना शामिल रहीं। मीरगंज थाने की ओर से उपनिरीक्षक पंकज कुमार और कांस्टेबल अंकुर सिरोही ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।
अब नेटवर्क की अगली कड़ी पर नजर
ANTF की कार्रवाई में एक आरोपी की गिरफ्तारी और बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद होने के बाद जांच का फोकस अब सप्लायर से लेकर देहरादून में संभावित खरीदार तक पहुंचने पर है। यदि पूछताछ और तकनीकी जांच में अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है, तो आने वाले दिनों में इस कथित ड्रग नेटवर्क के खिलाफ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
