डिलारी के सहसपुरी गांव में वन विभाग के पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ, ठाकुरद्वारा क्षेत्र से अब तक 11 और कांठ से एक तेंदुआ पकड़ा गया
मुरादाबाद: जिले में तेंदुओं का आतंक लगातार बना हुआ है। वन विभाग के अभियान के बीच एक और तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। यह तेंदुआ ठाकुरद्वारा तहसील के डिलारी थाना क्षेत्र स्थित सहसपुरी गांव में वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरे में फंसा है। वन विभाग के मुताबिक, 3 अगस्त से अब तक जिले में कुल 12 तेंदुओं का रेस्क्यू किया जा चुका है।
सहसपुरी गांव में पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ
डिलारी क्षेत्र के सहसपुरी गांव में तेंदुए की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने पिंजरा लगाया था। निगरानी के दौरान तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए को सुरक्षित कब्जे में लिया। लगातार तेंदुओं के रेस्क्यू के बावजूद ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों को खेतों और जंगल से सटे इलाकों में जाने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
ठाकुरद्वारा क्षेत्र से पकड़े गए 11 तेंदुए
वन विभाग के अनुसार, 3 अगस्त से अब तक मुरादाबाद जिले में 12 तेंदुओं का रेस्क्यू किया जा चुका है। इनमें से 11 तेंदुए ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र से पकड़े गए हैं, जबकि एक तेंदुए को कांठ थाना क्षेत्र से रेस्क्यू किया गया है। इसके अलावा दो तेंदुओं की अज्ञात वाहनों की टक्कर से मौत भी हो चुकी है।
तेंदुओं के हमलों में चार लोगों की मौत
मुरादाबाद में तेंदुओं के हमलों से अब तक चार लोगों की जान जा चुकी है। इनमें तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। लगातार हो रही घटनाओं के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के बीच भय का माहौल है। वन विभाग की ओर से तेंदुओं को पकड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
जिले में बढ़ाए गए पिंजरों की संख्या
तेंदुओं को पकड़ने के अभियान के तहत वन विभाग ने जिले में पिंजरों की संख्या बढ़ाकर 28 कर दी है। अलग-अलग संवेदनशील इलाकों में पिंजरे लगाकर निगरानी की जा रही है। हालांकि, कई तेंदुओं के पकड़े जाने के बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों में तेंदुओं की मौजूदगी की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसे में वन विभाग के सामने तेंदुओं को पकड़ने के साथ-साथ ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी बड़ी चुनौती बनी हुई है।
रिपोर्ट : रेहान
