30 सितंबर तक चलेगी भर्ती रैली, बरेली समेत 12 जिलों के अभ्यर्थी होंगे शामिल, पेयजल, मेडिकल, एंबुलेंस और सुरक्षा की रहेगी विशेष व्यवस्था
बरेली : भारतीय सेना की अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर सेना भर्ती रैली को लेकर बरेली जिला प्रशासन और सेना ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भर्ती रैली का आयोजन 14 सितंबर से 30 सितंबर तक जाट रेजीमेंट केंद्र, बरेली परिसर में किया जाएगा। इसमें बरेली समेत उत्तर प्रदेश के 12 जनपदों के हजारों अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। भर्ती की तैयारियों को लेकर जाट रेजीमेंट केंद्र परिसर में प्रशासन और सेना के अधिकारियों की बैठक हुई। अधिकारियों ने भर्ती स्थल पर चल रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया और संबंधित विभागों को समय से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
इन 12 जिलों के अभ्यर्थी होंगे शामिल
अग्निवीर भर्ती रैली में बरेली, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, संभल, पीलीभीत, हरदोई, फर्रुखाबाद और बदायूं के अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। हजारों युवाओं के पहुंचने को देखते हुए जिला प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन,यातायात और अभ्यर्थियों की मूलभूत सुविधाओं को लेकर विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं।
पेयजल से लेकर मेडिकल और एंबुलेंस तक की व्यवस्था
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए भर्ती स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल, अस्थायी शौचालय, विश्राम स्थल, चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, प्रकाश व्यवस्था और साफ -सफाई की व्यवस्था की जाएगी। भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक व्यवस्था पर जोर
हजारों अभ्यर्थियों के बरेली पहुंचने से यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए परिवहन और यातायात विभाग को विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को यातायात सुचारु बनाए रखने और संभावित जाम की स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी करने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि नगर विकास से जुड़े अधिकारियों को सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
निष्पक्ष और पारदर्शी होगी भर्ती प्रक्रिया
सेना भर्ती अधिकारियों ने कहा कि अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई जाएगी। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय पर भर्ती स्थल पहुंचें और अपने सभी जरूरी दस्तावेज साथ लेकर आएं। अभ्यर्थियों को अफवाहों और दलालों से सावधान रहने की भी सलाह दी गई है। सेना की ओर से स्पष्ट किया गया है कि भर्ती प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार होगी।
एडमिट कार्ड और जरूरी दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
भर्ती निदेशक ने सभी अभ्यर्थियों से एडमिट कार्ड डाउनलोड करके साथ लाने की अपील की है।इसके अलावा भर्ती के लिए निर्धारित सभी आवश्यक दस्तावेज भी अभ्यर्थियों को अपने साथ रखने होंगे।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
तैयारियों को लेकर हुई बैठक में एडीएम सिटी डॉ. अविनाश त्रिपाठी, सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक रजनीश अइययर, सूबेदार अनिल कुमार, नायब सूबेदार संजय कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक और पुलिस अधीक्षक यातायात मो. अकमल समेत जिला प्रशासन और सेना के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
