18वें ब्रिक्स लीडर्स समिट को लेकर केंद्र सरकार का फैसला, 11 सितंबर को कार्यालय बंद रहेंगे; 12 और 13 सितंबर को शनिवार-रविवार का अवकाश
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में 18वें ब्रिक्स लीडर्स समिट के आयोजन को देखते हुए 11 सितंबर को नई दिल्ली स्थित केंद्र सरकार के कार्यालयों में अवकाश रहेगा। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। सम्मेलन के दौरान विदेशी राष्ट्राध्यक्षों, प्रतिनिधियों और अन्य विशिष्ट मेहमानों की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्था की जा रही है।
11 से 13 सितंबर तक होगा ब्रिक्स शिखर सम्मेलन
18वें ब्रिक्स लीडर्स समिट का आयोजन 11 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली में किया जाएगा। इन तीन दिनों के दौरान भारत मंडपम में कई महत्वपूर्ण बैठकें होंगी। इनमें ब्रिक्स बिजनेस फोरम और ब्रिक्स लीडर्स समिट प्रमुख हैं। आयोजन में ब्रिक्स देशों के राष्ट्राध्यक्ष और प्रतिनिधिमंडल हिस्सा लेंगे। ब्रिक्स में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं।
सहयोगी देशों के प्रतिनिधि भी पहुंचेंगे दिल्ली
ब्रिक्स के सहयोगी देशों के प्रतिनिधियों के भी नई दिल्ली पहुंचने की तैयारी है। इनमें बेलारूस, क्यूबा, बोलीविया, कजाकिस्तान, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम शामिल हैं। बड़ी संख्या में विदेशी मेहमानों के राजधानी पहुंचने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। दिल्ली पुलिस की सलाह और व्यापक यातायात एवं रसद व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 11 सितंबर को नई दिल्ली स्थित केंद्र सरकार के कार्यालयों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
12 और 13 सितंबर को भी बंद रहेंगे कार्यालय
11 सितंबर को विशेष अवकाश के बाद 12 और 13 सितंबर को क्रमश: शनिवार और रविवार होने के कारण सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। इस तरह नई दिल्ली स्थित केंद्र सरकार के कार्यालयों में लगातार तीन दिन अवकाश रहेगा। वहीं, सम्मेलन के दौरान वाहनों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के लिए दिल्ली यातायात पुलिस की ओर से पहले ही यातायात संबंधी सलाह जारी की गई है। लोगों से अपील की गई है कि वे आयोजन के दौरान निर्धारित मार्गों और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें।
दर्जनभर प्रमुख होटलों में ठहरेंगे विदेशी मेहमान
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए नई दिल्ली पहुंचने वाले राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधियों के ठहरने की व्यवस्था राजधानी के प्रमुख होटलों में की गई है। इनमें ताज होटल, मौर्य शेरेटन, ली मेरिडियन, अशोक होटल, सम्राट होटल, क्लेरिजेस होटल, लीला होटल, शांगरी-ला, जनपथ होटल और ताज मान सिंह होटल सहित कई प्रमुख होटल शामिल हैं।
भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता का मुख्य विषय
भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता का मुख्य विषय ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’ रखा गया है। यह विषय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मानव-केंद्रित दृष्टिकोण को दर्शाता है और ‘मानवता सर्वोपरि’ की भावना पर आधारित है। शिखर सम्मेलन में इन क्षेत्रों के अलावा ब्रिक्स देशों के बीच साझा प्राथमिकताओं पर सहयोग मजबूत करने को लेकर भी चर्चा होगी। साथ ही राष्ट्राध्यक्ष आपसी महत्व के वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे।
