अगस्त 2026 की शासन स्तर की रैंकिंग में बरेली परिक्षेत्र को पहला स्थान, बरेली के 24, बदायूं के 15, पीलीभीत के 10 और शाहजहांपुर के 19 थाने संयुक्त रूप से प्रदेश में प्रथम
बरेली : जनसुनवाई समाधान प्रणाली यानी IGRS के माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण में बरेली परिक्षेत्र ने उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। शासन की ओर से अगस्त 2026 के लिए जारी रैंकिंग में बरेली परिक्षेत्र को प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। यह उपलब्धि पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी),बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी के निर्देशन में जन शिकायतों के प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण के लिए किए जा रहे प्रयासों के बीच सामने आई है।
बरेली परिक्षेत्र की बड़ी उपलब्धि
अगस्त,2026 की IGRS रैंकिंग में बरेली परिक्षेत्र ने प्रदेश के अन्य पुलिस परिक्षेत्रों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान प्राप्त किया।इसके साथ ही परिक्षेत्र के बदायूं और शाहजहांपुर जनपदों ने भी संयुक्त रूप से प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। इतना ही नहीं, बरेली परिक्षेत्र के कुल 68 थानों ने भी IGRS पर प्राप्त जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के मामले में संयुक्त रूप से प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
बरेली के 24 थाने प्रदेश में अव्वल
जनपद बरेली के कुल 24 थानों ने संयुक्त रूप से प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। इनमें सुभाषनगर, फतेहगंज पश्चिमी, किला, सीबीगंज, विशारतगंज, शाही, बारादरी, इज्जतनगर, देवरनियां, क्योलड़िया, भुता, हाफिजगंज, भोजीपुरा, बहेड़ी, मीरगंज, नवाबगंज, आंवला, भमोरा, शीशगढ़, प्रेमनगर, सिरौली, बिथरी चैनपुर, कैंट और फतेहगंज पूर्वी थाना शामिल हैं।
बदायूं के 15 थानों का भी शानदार प्रदर्शन
बदायूं जनपद के 15 थानों ने भी IGRS शिकायतों के निस्तारण में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इनमें कुंवरगांव, महिला थाना, बिनावर, जरीफनगर, फैजगंज बेहटा, इस्लामनगर, वजीरगंज, मुजरिया, बिसौली, उझानी, कादरचौक, उसहैत, मूसाझाग, हजरतपुर और कोतवाली थाना शामिल हैं।
पीलीभीत के 10 थाने भी संयुक्त रूप से प्रथम
पीलीभीत जनपद के 10 थानों ने भी इस रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन किया। इनमें महिला थाना, माधोटांडा, बरखेड़ा, हजारा, जहानाबाद, सेहरामऊ उत्तरी, दियोरिया कलां, बीसलपुर, अमरिया और बिलसंडा थाना शामिल हैं।
शाहजहांपुर के 19 थाने भी अव्वल
शाहजहांपुर जनपद के 19 थानों ने भी संयुक्त रूप से प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। इनमें महिला थाना, रामचंद्र मिशन, खुटार, सिंधौली, कोतवाली,परौर, बंडा, जलालाबाद, कलान, अल्हागंज, सेहरामऊ दक्षिणी, रोजा, मिर्जापुर, सदर बाजार, गढ़िया रंगीन, जैतीपुर, तिलहर, कटरा और खुदागंज थाना शामिल हैं।
IGRS टीम को मिलेगा पुरस्कार
जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण में बरेली परिक्षेत्र के प्रथम स्थान प्राप्त करने पर परिक्षेत्र कार्यालय में कार्यरत IGRS कर्मियों को भी सम्मानित किया जाएगा। परिक्षेत्र कार्यालय में कार्यरत उपनिरीक्षक शालू, कंप्यूटर ऑपरेटर अमरेंद्र कुमार और आरक्षी सलिल सक्सेना को नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
कमजोर प्रदर्शन वाले थानों की समीक्षा
पुलिस की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि परिक्षेत्र के जिन जनपदों और थानों का IGRS पर प्राप्त जन शिकायतों के निस्तारण में प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा है, उनके कार्यों की समीक्षा की जाएगी। IGRS के जरिए आने वाली शिकायतों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण समाधान शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे में बरेली परिक्षेत्र की यह रैंकिंग पुलिस प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
