श्याम नगर के एमडी इन्फोटेक परीक्षा केंद्र पर सिस्टम बंद होने से भड़के अभ्यर्थी, धांधली का आरोप लगाकर किया प्रदर्शन; 18 सितंबर को दोबारा होगी परीक्षा
कानपुर: कानपुर के चकेरी क्षेत्र स्थित एक ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर बुधवार को सीमा सुरक्षा बल की भर्ती परीक्षा के दौरान जमकर हंगामा हुआ। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों ने पेपर लीक, कंप्यूटर सिस्टम बार-बार बंद होने और परीक्षा केंद्र के अंदर कुछ छात्रों को मोबाइल से नकल कराने के गंभीर आरोप लगाए। बढ़ते हंगामे को देखते हुए परीक्षा कराने वाली संस्था और प्रशासन ने तीनों शिफ्ट की परीक्षा निरस्त कर दी। अब यह परीक्षा 18 सितंबर को दोबारा आयोजित कराई जाएगी।
पहली शिफ्ट में ही बंद होने लगे कंप्यूटर
श्याम नगर स्थित एमडी इन्फोटेक परीक्षा केंद्र पर सीमा सुरक्षा बल भर्ती परीक्षा तीन शिफ्ट में आयोजित होनी थी। पहली शिफ्ट में परीक्षा शुरू होते ही अभ्यर्थियों ने तकनीकी गड़बड़ी की शिकायत शुरू कर दी। अभ्यर्थियों का आरोप है कि परीक्षा के दौरान उनके कंप्यूटर सिस्टम दो से तीन बार अचानक बंद हो गए। वहीं, कुछ चुनिंदा अभ्यर्थियों के सिस्टम लगातार चलते रहे। आरोप लगाया गया कि इनमें से कुछ अभ्यर्थी मोबाइल देखकर परीक्षा दे रहे थे। इसी को लेकर परीक्षा केंद्र पर मौजूद अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने परीक्षा में धांधली का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया।
केंद्र के बाहर जमा हुई सैकड़ों अभ्यर्थियों की भीड़
दोपहर तक दूसरी और तीसरी शिफ्ट के अभ्यर्थी भी परीक्षा केंद्र पर पहुंचने लगे। पहली शिफ्ट के अभ्यर्थियों से तकनीकी गड़बड़ी और कथित अनियमितताओं की जानकारी मिलने के बाद दूसरी शिफ्ट के अभ्यर्थी भी नाराज हो गए। देखते ही देखते परीक्षा केंद्र के बाहर सैकड़ों अभ्यर्थियों की भीड़ जमा हो गई। अभ्यर्थियों ने जमकर नारेबाजी की और परीक्षा दोबारा कराने की मांग उठाई। स्थिति बिगड़ती देख परीक्षा केंद्र के अधिकारियों ने पुलिस प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
तीनों शिफ्ट की परीक्षा की गई रद्द
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परीक्षा कराने वाली संस्था तथा परीक्षा केंद्र के संचालकों से बातचीत की। हंगामे के बीच प्रबंधन की ओर से केंद्र के बाहर तीनों शिफ्ट की परीक्षा निरस्त किए जाने का नोटिस चस्पा कर दिया गया। हालांकि, अभ्यर्थी केवल नोटिस से संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने परीक्षा रद्द किए जाने की लिखित और आधिकारिक पुष्टि के साथ दोबारा परीक्षा की तारीख घोषित करने की मांग की।
18 सितंबर को दोबारा होगी परीक्षा
मामले की जानकारी देते हुए एडीसीपी शिव सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर सीमा सुरक्षा बल की भर्ती परीक्षा आयोजित की जा रही थी। कुछ अभ्यर्थियों ने तकनीकी गड़बड़ी और अनियमितताओं की शिकायत करते हुए हंगामा किया था। पुलिस के मुताबिक, परीक्षा कराने वाली संस्था की ओर से ई-मेल के माध्यम से आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है। अब निरस्त हुई परीक्षा 18 सितंबर को दोबारा आयोजित की जाएगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
हंगामे के बाद पुलिस प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी गड़बड़ी और परीक्षा में अनियमितताओं से जुड़ी शिकायतों की जांच की जा रही है। अभ्यर्थियों की ओर से लगाए गए पेपर लीक और मोबाइल से नकल कराने के आरोपों की भी जांच की जाएगी। जांच में यदि किसी तरह की गड़बड़ी या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
