बरेली : यूपी के बरेली देहात के फतेहगंज पश्चिमी में मंगलवार सुबह भिटौरा पुलिया के पास हार्डवेयर और परचून की दुकान में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। वहीं, आम डंडा टोल प्लाजा से कुछ दूरी पहले सोमवार को बहेड़ी से किच्छा जा रही Renault Duster में स्पार्किंग के बाद आग लग गई। दोनों घटनाओं में राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। मगर, इससे अफरा -तफरी मच गई। काफी मुश्किल से आग पर काबू पाया जा सका।
हार्डवेयर-परचून की दुकान में लगी भीषण आग

फतेहगंज पश्चिमी कस्बे में भिटौरा पुलिया के पास मंगलवार सुबह एक हार्डवेयर और परचून की दुकान से अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोगों में अफरा -तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड टीम प्रभारी केके बंसल ने आग पर पूरी तरह नियंत्रण की पुष्टि की।
लाखों का सामान जलकर राख

दुकान मालिक आकाश गुप्ता और डिम्पल गुप्ता के मुताबिक आग में हार्डवेयर और परचून का अधिकांश सामान, फर्नीचर समेत अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। पीड़ितों ने लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
पुलिस ने संभाली मौके की व्यवस्था

आग की सूचना पर थाना प्रभारी प्रवीन कुमार और चौकी प्रभारी आदेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को सुरक्षित दूरी पर कराया और दमकल टीम के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।
चलती Renault Duster में लगी आग
उधर, आम डंडा टोल प्लाजा से कुछ दूरी पहले सोमवार को बहेड़ी से किच्छा जा रही Renault Duster में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वाहन में स्पार्किंग के बाद आग लगी और देखते ही देखते कार आग की लपटों से घिर गई। कार में तीन लोग सवार थे, जिन्होंने आग लगने का पता चलते ही समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसके बाद आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। वाहन की पहचान UP 47 P 8880 के रूप में बताई गई है। हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
