बरेली : शहर के सुभाषनगर थाना क्षेत्र के वंशीनगला में भाजपा नेता सचिन कश्यप हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर फरार चल रहे दूसरे आरोपी बाबू उर्फ रोहित को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किए जाने का पुलिस ने दावा किया है।
सराय तलफी रोड पर पुलिस ने घेरा, भागने लगा आरोपी
पुलिस के मुताबिक, सोमवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि सचिन कश्यप हत्याकांड में वांछित आरोपी बाबू उर्फ रोहित श्मशान घाट मंदिर से सराय तलफी रोड की ओर जा रहा है।सूचना के आधार पर सुभाषनगर पुलिस ने रास्ते में घेराबंदी की।पुलिस टीम को देखकर आरोपी भागने लगा। पुलिस ने उसे रुकने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं रुका। पुलिस का आरोप है कि भागते समय आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
फायरिंग के बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई, पैर में लगी गोली
पुलिस के अनुसार, आरोपी की फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान गोली बाबू उर्फ रोहित के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 22 वर्षीय बाबू उर्फ रोहित पुत्र राजेंद्र उर्फ राजू, निवासी वंशीनगला के रूप में हुई है।
तमंचा-कारतूस बरामद, निशानदेही पर चाकू मिलने का दावा
पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वह चाकू भी बरामद किया, जिसका इस्तेमाल सचिन कश्यप पर हमला करने में किए जाने का आरोप है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान फायरिंग और अवैध हथियार की बरामदगी के संबंध में अलग मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
29 अगस्त को हुई थी सचिन कश्यप की हत्या
पुलिस के अनुसार, सचिन कश्यप की हत्या 29 अगस्त को वंशीनगला क्षेत्र में हुई थी। मृतक की पत्नी गुड़िया देवी की तहरीर के आधार पर सुभाषनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।तहरीर में बाबू उर्फ रोहित, अमित उर्फ भज्जी, रोहित की मां और आशीष मौर्य पर सचिन के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया था। आरोप है कि इसी दौरान बाबू उर्फ रोहित ने सचिन के सीने पर चाकू से वार किया। गंभीर चोट लगने के बाद सचिन की मौत हो गई थी। परिजनों को धमकी दिए जाने का आरोप भी तहरीर में लगाया गया था।
एक आरोपी पहले ही जा चुका जेल, अमित उर्फ भज्जी फरार
इस मामले में पुलिस ने सोमवार को आशीष मौर्य को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। अब बाबू उर्फ रोहित की गिरफ्तारी के बाद हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ी है। वहीं, मुकदमे में नामजद अमित उर्फ भज्जी अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
