लखनऊ में धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या की खबर से मचा हड़कंप, वीडियो जारी कर बोले- मैं जिंदा हूं
सोशल मीडिया पर हत्या की खबर और तस्वीर वायरल होने के बाद धीरेंद्र प्रताप ने खुद वीडियो जारी कर दी सफाई, बोले- पिछले एक घंटे में 200 फोन आ चुके हैं
लखनऊ: सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में शनिवार को एनजीओ संचालक धीरेंद्र प्रताप सिंह की अपहरण के बाद गोली मारकर हत्या की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। शुरुआती जानकारी में मृतक को हिंदू युवा वाहिनी का नेता बताया गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर हिंदू युवा वाहिनी के लखनऊ मंडल प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह की तस्वीर और नाम के साथ हत्या की खबर प्रसारित होने लगी।
वीडियो जारी कर बोले- मैं अभी जिंदा हूं
मामला बढ़ने के बाद शाम को हिंदू युवा वाहिनी के लखनऊ मंडल प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह का एक वीडियो सामने आया। वीडियो में उन्होंने खुद स्पष्ट किया कि वह पूरी तरह सुरक्षित और जीवित हैं। धीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि कुछ समाचार माध्यमों ने जल्दबाजी में उन्नाव निवासी एक अन्य धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या की खबर को उनके साथ जोड़कर प्रसारित कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि खबर के साथ उनकी तस्वीर और हिंदू युवा वाहिनी से जुड़ी पहचान भी चला दी गई।
कहा- टीवी पर अपनी मौत की खबर देख रहा हूं
वायरल वीडियो में धीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि वह सामने टीवी चलाकर अपनी ही मौत की खबर देख रहे हैं। उन्होंने बताया कि घटना की खबर फैलने के बाद उनके पास लगातार फोन आने लगे। उन्होंने कहा कि पिछले करीब एक घंटे में ही उन्हें लगभग 200 फोन आ चुके हैं और फोन उठाते ही लोगों की पहली चिंता यही थी कि वह जिंदा हैं या नहीं। धीरेंद्र प्रताप ने वीडियो के जरिए सभी लोगों को अपनी सकुशल होने की जानकारी दी।
हत्या की खबर से लोगों में फैली थी अफवाह
दरअसल, सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में एनजीओ संचालक धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। शुरुआती जानकारी में मृतक के हिंदू युवा वाहिनी से जुड़े होने की बात सामने आई थी। इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक समान नाम वाले हिंदू युवा वाहिनी नेता की तस्वीर और पहचान के साथ खबर प्रसारित हो गई। इसके बाद धीरेंद्र प्रताप सिंह को खुद सामने आकर सफाई देनी पड़ी। उनके वीडियो के सामने आने के बाद यह स्पष्ट हुआ कि सोशल मीडिया पर प्रसारित खबर में उनकी पहचान को लेकर भ्रम की स्थिति बनी थी।
सोशल मीडिया पर वायरल खबर ने बढ़ाई चिंता
हत्या जैसी गंभीर घटना की खबर के साथ किसी दूसरे व्यक्ति की तस्वीर और पहचान प्रसारित होने से सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज हो गई। धीरेंद्र प्रताप सिंह ने वीडियो जारी कर अपने समर्थकों, परिचितों और शुभचिंतकों को बताया कि वह सुरक्षित हैं। फिलहाल हत्या की वास्तविक घटना और उसमें शामिल आरोपियों को लेकर पुलिस की जांच जारी है। वहीं धीरेंद्र प्रताप सिंह की ओर से जारी वीडियो ने उनके संबंध में चल रही मौत की खबरों पर विराम लगा दिया है।
