बरेली : यूपी के बरेली देहात के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले सामने आए हैं।सिरौली में तीन दिन से लापता 19 वर्षीय युवक का शव जंगल में क्षत-विक्षत हालत में मिला।शव के पास नशे की सामग्री मिलने से पुलिस मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है। वहीं शाही में सुबह से शराब पी रहे 32 वर्षीय युवक की चारपाई पर मौत हो गई। तीसरी घटना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र की है, जहां रामगंगा में डूबने से 60 वर्षीय किसान की मौत हो गई।
तीन दिन से लापता युवक का शव जंगल में मिला, जंगली जानवरों ने नोचा
सिरौली थाना क्षेत्र के नामदारगंज गांव निवासी 19 वर्षीय अर्जुन 22 अगस्त को घर से बिना बताए निकल गया था। देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों से जानकारी लेने के साथ आसपास के इलाकों में भी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। रविवार को परिजनों ने सिरौली थाने में अर्जुन की गुमशुदगी दर्ज कराई।इसके बाद पुलिस भी उसकी तलाश में जुट गई। सोमवार देर रात कैलाश मणि मंदिर के पीछे जंगल में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराई तो उसकी शिनाख्त अर्जुन के रूप में हुई।पुलिस के मुताबिक शव काफी क्षत-विक्षत हालत में था। आशंका है कि जंगल में पड़े रहने के दौरान जंगली जानवरों ने शव के कुछ हिस्सों को नोच दिया। घटनास्थल से नशीली दवा और नशे में इस्तेमाल होने वाली कुछ सामग्री भी मिली है। पुलिस ने सामान कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
हत्या, हादसा या नशे से मौत? पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
अर्जुन जंगल तक किन परिस्थितियों में पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस हत्या, हादसे समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
सुबह से शराब पी रहा था युवक, शाम को चारपाई पर मिली लाश
शाही थाना क्षेत्र के मंडवा बंशीपुर गांव में 32 वर्षीय दिनेश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक दिनेश सोमवार सुबह से शराब का सेवन कर रहा था। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह घर पहुंचा और पत्नी ममता को बताया कि उसने गांव के ही सत्य प्रकाश के साथ शराब पी थी। इसके बाद वह आंगन में पड़ी चारपाई पर सो गया। शाम करीब आठ बजे पत्नी ने उसे खाना खाने के लिए जगाया, लेकिन वह नहीं उठा। परिजनों ने पास जाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। किसी व्यक्ति ने पुलिस को हत्या की सूचना दे दी। इसके बाद पीआरवी और थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की।
थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह के अनुसार, युवक के शरीर पर प्रथम दृष्टया किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। अत्यधिक शराब के सेवन के कारण मौत होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रामगंगा में डूबकर 60 वर्षीय किसान की मौत, गांव में शोक
फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के पिथुपुरा गांव निवासी 60 वर्षीय किसान चेतराम पुत्र ख्वाराज की रामगंगा में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक चेतराम सोमवार सुबह जानवर चराने के लिए रामगंगा के दूसरी ओर गए थे। शाम को उनके जानवर घर लौट आए, लेकिन चेतराम वापस नहीं पहुंचे। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने नदी के आसपास काफी तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। मंगलवार सुबह परिजन दोबारा नदी की ओर पहुंचे तो डब्बर में चेतराम का शव उतराता दिखाई दिया। शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों के मुताबिक चेतराम तैरने में माहिर थे। ऐसे में नदी में डूबने से उनकी मौत को लेकर ग्रामीणों के बीच चर्चा रही। हालांकि, मृतक के बेटों ने किसी के खिलाफ कोई शिकायत नहीं होने की बात कही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। चेतराम अपने पीछे दो बेटे कुमारसेन और गोविंद राम के अलावा चार नाती और तीन नातिन छोड़ गए हैं। मौत की परिस्थितियों को लेकर पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है।
