पीलीभीत में राइस मिल के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन, बुलडोजर लगाकर हाईवे किया जाम
राख और गंदगी से परेशान आधा दर्जन गांवों के ग्रामीण सड़क पर उतरे, करीब 30 मिनट तक यातायात रहा बाधित
पीलीभीत: पूरनपुर इलाके में राइस मिल से उड़ रही राख और गंदगी से परेशान कई गांवों के ग्रामीणों ने मंगलवार को जमकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने राइस मिल को बंद कराने की मांग को लेकर मैगलगंज हाईवे पर बुलडोजर लगाकर जाम कर दिया। अचानक हाईवे पर जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
राइस मिल से उड़ रही राख और गंदगी से परेशान ग्रामीण
ग्रामीणों का आरोप है कि रम्पुरा ताल्लुके महाराजपुर में स्थित गर्ग रोलर फ्लोर मिल घनी आबादी के बीच संचालित हो रही है। मिल से दिन-रात राख और धूल उड़ती रहती है। इसके अलावा मिल से निकलने वाले कीड़ों के कारण भी आसपास के ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, मिल की वजह से रामपुर ताल्लुके महाराजपुर, सुआवोझ, कपूर, रानीखेड़ा समेत करीब आधा दर्जन गांव प्रभावित हैं।
घर का सामान तक राख से हो रहा खराब
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मिल से उड़ने वाली राख इतनी ज्यादा है कि घरों में रखा खाना, कपड़े और खुले बर्तन तक गंदगी से भर जाते हैं। लगातार धूल और राख उड़ने के कारण लोगों को सांस और आंखों से जुड़ी परेशानियों का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से समस्या झेलने के बावजूद उनकी शिकायतों का समाधान नहीं हुआ।
पहले भी अधिकारियों से की थी शिकायत
ग्रामीणों के अनुसार, राइस मिल से होने वाली परेशानी को लेकर वे पहले भी संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। इसी से नाराज होकर मंगलवार को आधा दर्जन गांवों के सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आए और राइस मिल को बंद कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
बुलडोजर लगाकर हाईवे किया जाम
आक्रोशित ग्रामीणों ने मैगलगंज हाईवे पर बुलडोजर लगाकर चक्काजाम कर दिया। हाईवे पर अचानक यातायात रुकने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब 30 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा। जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
पुलिस के आश्वासन के बाद खुला जाम
पुलिस ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्या को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने किसी तरह जाम खोल दिया और हाईवे पर यातायात सुचारु हो सका। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि राइस मिल से होने वाले प्रदूषण और गंदगी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
